देवघर से संजीत मंडल की रिपोर्ट
देवघर. इग्नू और एम्स देवघर क्षेत्रीय केंद्र द्वारा जुलाई 2026 सत्र के लिए चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों के लिए अलग-अलग व्यावसायिक एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इस संबंध में जानकारी देते हुए एम्स देवघर के फैकल्टी सदस्य और IGNOU-AIIMS पाठ्यक्रम समन्वयक डॉ. अरशद अयूब ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को मजबूत करने और चिकित्सा कर्मियों के कौशल विकास के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं.
ये हैं प्रमुख पाठ्यक्रम
जुलाई 2026 सत्र के लिए जिन प्रमुख पाठ्यक्रमों में नामांकन शुरू किया गया है, उनमें पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैटरनल एंड चाइल्ड हेल्थ (PGDMCH), सर्टिफिकेट इन फर्स्ट एड (CFAID) तथा सर्टिफिकेट इन हेल्थकेयर वेस्ट मैनेजमेंट (CHCWM) शामिल हैं.
स्वास्थ्य कर्मियों के लिए उपयोगी
डॉ. अरशद अयूब ने बताया कि ये पाठ्यक्रम चिकित्सकों, नर्सिंग कर्मियों, पैरामेडिकल स्टाफ और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े अन्य पेशेवरों के लिए काफी उपयोगी हैं. इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, प्राथमिक उपचार और स्वास्थ्य अपशिष्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक और अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी.
समय पर आवेदन करने की अपील
डॉ अरशद अयूब ने इच्छुक अभ्यर्थियों से जुलाई 2026 सत्र के लिए समय पर आवेदन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि इग्नू के ये कार्यक्रम कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों के लिए लचीली और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर अवसर देते हैं. अधिक जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए अभ्यर्थी IGNOU की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: धनबाद जेल पहुंचकर रजनी रवानी से मिले सांसद ढुल्लू महतो, सीबीआई जांच कराने की कही बात
यह भी पढ़ें: दो हफ्ते के अंदर जोजोबाटा में लगेगा चापाकल, अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक दशरथ गागराई
