निकेश कुमार की रिपोर्ट
Deoghar: देवघर जिले के शालभद्रा गांव में रविवार को आसमानी बिजली गिरने से जामताड़ा के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चरकपानी गांव निवासी 45 वर्षीय शाहजहां शेख की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है. प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहजहां शेख जड़ी-बूटी बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. रविवार को भी वे जड़ी-बूटी बेचने के लिए मार्गोमुंडा हटिया जा रहे थे. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और बारिश शुरू हो गई.
परिजनों को बुलाया गया
बारिश से बचने के लिए वे शालभद्रा गांव में एक निर्माणाधीन मकान के पास रुक गए. इसी बीच अचानक तेज ठनका (आसमानी बिजली) गिरा, जिसकी चपेट में शाहजहां शेख आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी गई. सूचना पाकर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था. बताया जाता है कि शाहजहां शेख अपने परिवार में पत्नी और पांच बच्चों के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे.
परिवार का एक मात्र सहारा था मृतक
शाहजहां शेख की अचानक मौत से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है. अब परिवार का एक मात्र कमाऊ सदस्य भी नहीं रहा. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता देने की मांग की है.
ये भी पढ़ें…
कार्यशाला में व्यापारियों को प्रोफेशनल टैक्स पर दी गयी जानकारी
