देवघर. श्री श्याम कीर्तन मंडल के 69वें वार्षिकोत्सव का दूसरा दिन श्याम भक्ति के रंग में सराबोर रहा. बाबा श्री श्याम के मनमोहक शृंगार और भजनों की रसधार में श्रद्धालु देर रात तक डूबे रहे. कोलकाता से मंगाये गये फूलों से कुशल कारीगरों ने बाबा का आकर्षक शृंगार किया. बाबा के इस मनमोहक स्वरूप को देखकर श्रद्धालुओं की निगाहें ठहर गयीं. बाबा श्याम के दरबार की चौखट पर माथा टेकते ही भक्तों को अलग आध्यात्मिक अनुभूति हो रही थी.
बाबा श्याम को लगा सवामणी भोग
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा. स्थानीय गायिका प्रीति, नेहा शर्मा एवं कुमारी जया, मधुपुर से रौनक और कोलकाता से माही गर्ग ने बाबा को मधुर भजनों से रिझाया. श्री श्याम सहारा परिवार, हिंद मोटर ने भी भक्ति प्रस्तुति दी. श्री श्याम मित्र मंडल, कोलकाता और श्री श्याम सरोवर (बाबा की धरोहर) की ओर से अमृत वर्षा की गयी, जिसमें श्रद्धालु भक्ति के रंग में सराबोर हो गये.
श्रेष्ठ दीक्षित ने अपनी प्रस्तुति से माहौल को और भक्तिमय बना दिया. टाटानगर से आये अनुभव अग्रवाल ने भी भजनों के माध्यम से बाबा की आराधना की. श्री श्याम भक्त मंडल, भागलपुर के आगंतुक सदस्यों ने भजनों की प्रस्तुति दी.
इसी दौरान महिला श्रद्धालु ढोल-बाजे के साथ नाचते-गाते हुए सवामणी महाप्रसाद लेकर श्री श्याम मंदिर पहुंचीं. मंदिर पहुंचने पर बाबा को उनके प्रिय भोग खीर-चूरमा की सवामणी अर्पित की गयी. रात 11 बजे के बाद पूर्णाहुति हुई. इससे पहले श्री श्याम कीर्तन मंडल के सदस्यों ने बाबा की ओल्यू गाई.
वार्षिकोत्सव को सफल बनाने में मंडल के अध्यक्ष संजय बंका गुड्डू, सचिव अशोक सरावगी, कोषाध्यक्ष पंकज पचेरीवाला, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता व सुनील अग्रवाल तथा संयोजक श्याम संथालिया, श्याम जालान और मनोज झांझरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
