चतरा: चार दिनों से लापता टेम्पो चालक की बरामदगी के लिए सड़क जाम, पुलिस को मिली लावारिस टेम्पो

चतरा शहर के नगवां मोहल्ला निवासी टेम्पो चालक तिलक यादव चार दिनों से लापता हैं. उनकी तलाश में परिजन और मोहल्ले के लोग जुटे हैं, और पुलिस ने भी विशेष टीम गठित कर अभियान तेज कर दिया है. टेंपो लावारिस हालत में मिलने के बाद अब मोबाइल और अन्य सुरागों की पड़ताल की जा रही है.

चतरा. शहर के नगवां मोहल्ला निवासी टेम्पो चालक तिलक यादव पिछले चार दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हैं. परिजनों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच टीम का गठन किया. पुलिस ने शहर से सटे धमनिया इलाके से मंगलवार को तिलक का टेम्पो लावारिस हालत में बरामद किया है.

टेम्पो मिलने के बाद अब टेक्निकल टीम की मदद से उनके मोबाइल लोकेशन और अन्य संभावित सुरागों को खंगाला जा रहा है.

परिजनों व टेम्पो चालक संघ ने चतरा-हजारीबाग मुख्यपथ किया जाम

तिलक की जल्द से जल्द सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर आक्रोशित परिजनों और टेम्पो चालक संघ के सदस्यों ने चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग को न्यू कोर्ट मोड़-विकास भवन चौक के समीप जाम कर दिया. सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. टेम्पो चालक संघ के अध्यक्ष राजू दबगर ने कहा कि चार दिन बीत जाने के बाद भी सुराग न मिलने से अनहोनी की आशंका गहराती जा रही है.

उन्होंने पुलिस कप्तान और एसडीपीओ से तलाश अभियान में और तेजी लाने की गुहार लगाई.

एसडीपीओ के आश्वासन के बाद हटा जाम, झारखंड-बिहार में छापेमारी जारी

सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सन्नी वर्धन और एएसआई दुखीराम महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसडीपीओ ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और बताया कि पुलिस की विशेष टीम झारखंड और बिहार के विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.

उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही तिलक को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा. एसडीपीओ के ठोस आश्वासन के बाद परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम समाप्त किया.

ये भी पढ़ें: रामगढ़ कॉलेज में हिंदी पखवाड़े का उल्लासपूर्ण शुभारंभ, प्रतियोगिताओं से निखरेगी विद्यार्थियों की प्रतिभा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dinbandhu thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >