चतरा. सशस्त्र सीमा बल की 35वीं बटालियन की ओर से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत कुंदा में 21 दिवसीय मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का आयोजन 35वीं बटालियन की बी कंपनी कुंदा परिसर में किया जा रहा है. प्रशिक्षण का शुभारंभ कमांडेंट संजीव कुमार के निर्देश पर बीडीओ साकेत कुमार सिन्हा व एसएसबी के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया.
जिसमें क्षेत्र के 20 युवाओं का चयन किया गया है. 21 दिनों तक चलने वाले प्रशिक्षण में युवाओं को मोबाइल फोन के रखरखाव, हार्डवेयर व सॉफ्टवेयर से संबंधित तकनीकी जानकारी के साथ मोबाइल रिपेयरिंग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जायेगा. इसका उद्देश्य युवाओं को हुनरमंद बनाकर स्वरोजगार के लिए तैयार करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है.
पदाधिकारियों ने कहा कि एसएसबी सीमा व आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय आबादी के कल्याण व विकास के लिए भी लगातार कार्य कर रही है. विशेषकर उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रो में रोजगारपरक व व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है. इससे युवा मुख्यधारा से जुड़ कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के साथ देश की प्रगति में योगदान दे सेंगे. मौके पर कई पदाधिकारी व आम लोग उपस्थित थे.
