चतरा में चोरी की घटनाओं पर पुलिस का बड़ा एक्शन, एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी गठित

चतरा एसपी अभिषेक नैथानी ने अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मामलों के निष्पादन और चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं.

चतरा. एसपी अभिषेक नैथानी ने शनिवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में अपराध समीक्षा बैठक की. बैठक में लंबित कांडों के निष्पादन की समीक्षा की गयी. एसपी ने बताया कि जिले में 300 लंबित मामलों का निष्पादन किया गया है. उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को आपराधिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

चोरी की घटनाओं के उद्भेदन के लिए एसआइटी गठित

एसपी ने कहा कि जिले में बढ़ती चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसडीपीओ सनी वर्धन के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया गया है. उन्होंने चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन करने और इसमें शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का निर्देश दिया.

समय पर इंजरी रिपोर्ट मिलने से तेज होगा मामलों का निष्पादन

एसपी ने कहा कि जल्द ही सिविल सर्जन के साथ चिकित्सकों की बैठक की जायेगी. इसमें इंजरी रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने को कहा जायेगा. उन्होंने बताया कि इंजरी रिपोर्ट मिलने में विलंब होने से न्यायालय में समय पर चार्जशीट दाखिल करने में परेशानी होती है. समय पर रिपोर्ट मिलने से मामलों के निष्पादन में तेजी आयेगी और अपराधियों को सजा दिलाने में मदद मिलेगी.

अफीम तस्करों पर रहेगी कड़ी नजर

एसपी ने कहा कि अफीम तस्करों पर पुलिस की कड़ी नजर है. तस्करों के खिलाफ लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पुलिस को सफलता मिल रही है. तस्करी में शामिल सफेदपोश लोगों को भी चिह्नित किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि नशाखोरी के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चलाया जायेगा. लोगों को अफीम की खेती नहीं करने और इससे होने वाले नुकसान की जानकारी दी जायेगी. सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त और मूवमेंट जारी रखने का निर्देश दिया गया है. लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

बैठक में कई एसडीपीओ, पुलिस इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी व अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dinbandhu thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >