इटखोरी (चतरा): अवैध नशा के कारोबारियों और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. साथ ही उसके पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर भी बरामद किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
मामले में पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी जिसके आधार पर इटखोरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को दबोचा और उसके पास से 5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया. आरोपी की पहचान पितीज गांव के रहने वाले राजू कुशवाहा, पिता- अरुण दांगी के रूप में हुई है.
मामले में डीएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 31 जुलाई की शाम करीब सात बजे भुरकुंडा जंगल के दारीदाग मोड़ के पास छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार किया. अभियान में थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, पंकज कुमार और बृजेश पांडेय शामिल थे. थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर का आपराधिक इतिहास रहा है. उसके खिलाफ इटखोरी थाना में पहले से दो से अधिक मामले दर्ज हैं.
