दीनबंधु, मो कासिफ इकबाल की रिपोर्ट
Chatra News: चतरा जिले के हंटरगंज-गेरुआ सड़क पर झीकटिया जंगल के पास आज शनिवार को एक स्कूल वैन पलट गई, जिसमें 8 बच्चे घायल हो गए. वैन हंटरगंज के नागर गांव स्थित संचालित उत्कर्ष इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल का है. वैन बच्चों को छोड़ने जा रहा था. इसी दौरान झकटिया जंगल के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया. जिससे स्कूल वैन सवारी गाड़ी पर सवार बच्चे घायल हो गए. ग्रामीणों की मदद से सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंटरगंज लाकर भर्ती कराया गया. जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया.
घायल बच्चों की पहचान और इलाज
घायल बच्चों में ढेबो गांव के अरविंद पासवान का 10 वर्षीय पुत्र ऋतिक कुमार, पुत्री तमन्ना कुमारी, रामबरत यादव का 8 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी, धीरेंद्र गुप्ता का 6 वर्षीय पुत्र कृष्ण गुप्ता, आदर्श गुप्ता, गुड्डू कुमार का 4 वर्षीय पुत्र पीयूष कुमार, स्वीटी कुमारी, जितेंद्र यादव का 5 वर्षीय पुत्र सत्यम कुमार शामिल हैं. सभी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया. वहीं सर पर गंभीर चोट रहने के कारण ऋतिक कुमार को बेहतर इलाज के लिए गया मगध मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. वहीं अन्य बच्चों के हाथ पैर में फ्रैक्चर हो गया है.
मौके पर पहुंची पुलिस और जांच
घटना की जानकारी मिलने के थाना के एसआई वीर बहादुर सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और घटना से संबंधित जानकारी लिए. घटना के बाद चालक सवारी गाड़ी लेकर फरार हो गया.
लापरवाही पर अभिभावकों का आरोप
बच्चों के अभिभावक ने पुलिस को बताया कि स्कूल के सवारी गाड़ी ढेबो गांव के देवनंदन यादव उर्फ मनसा यादव का है. गाड़ी का चालक देवनंदन यादव का भांजा है. जो काफी स्पीड और फुल साउंड में गाना बजा कर स्कूल वैन को चलाता है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्यालय प्रबंधन क्षमता से ज्यादा 25 से 30 बच्चे को भेड़ बकरी की तरह भरकर ले जाते है. घटना चालक के नींद में होने के कारण घटा है. विद्यालय के हेडमास्टर को पहले से मालूम था कि उनका ड्राइवर रात को बाराती गाड़ी को चलाकर आया है. इसके बावजूद उक्त चालक से विद्यालय का वाहन का परिचालन करवाना विद्यालय प्रबंधन के लापरवाही को दर्शाता है. इस दुर्घटना के लिए अभिभावकों ने विद्यालय के संचालक को जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि स्कूल की यह सवारी गाड़ी रात में बारातियों को ढोने का काम करती है और दिन में बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए उपयोग की जाती है. बताया जा रहा है कि चालक नींद की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ. इस बात को विद्यालय के हेडमास्टर ने भी स्वीकार किया है.
यह भी पढ़ें: दहशत फैलाने वाले उग्रवादी सलाखों के पीछे: ईरबा के पास रांची पुलिस ने खदेड़कर दबोचा, हथियार और सिम बरामद
यह भी पढ़ें: साहिबगंज में शक के नशे में पति बना ‘जल्लाद’, नुकीले तीर जैसे रॉड से पत्नी को गोदकर मार डाला!
