चक्रधरपुर. एनकेजी डेटा सेंटर में नेटवर्क को उच्च स्तर पर सुधारने और स्थायी रूप से बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण रखरखाव कार्य किया जायेगा. इसके कारण 14 और 15 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे से 2 बजे तक दो-दो घंटे के लिए रेल यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस), अनारक्षित टिकटिंग सिस्टम (यूटीएस) और इससे जुड़ी अन्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं.
आरक्षित टिकटों की बुकिंग और रद्द करने में आ सकती है परेशानी
रखरखाव कार्य के दौरान आरक्षित ट्रेन टिकटों की बुकिंग और रद्द करने के लिए उपयोग किये जाने वाले कम्प्यूटरीकृत नेटवर्क के प्रभावित होने की संभावना है. इससे यात्रियों को इस अवधि में टिकट बुक करने या रद्द करने में परेशानी हो सकती है.
रेलवे कर्मचारियों को तैयार रहने का निर्देश
इस संबंध में कोलकाता के उपमुख्य वाणिज्य प्रबंधक (डीबी) आनंद वर्द्धन ने दक्षिण पूर्व रेलवे, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे, पूर्व तटीय रेलवे, पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के एसएंडटी कर्मचारियों को तैयार रहने का निर्देश दिया है. साथ ही जरूरत पड़ने पर क्रिस के इंजीनियरों से मार्गदर्शन लेने का सुझाव दिया है.
