चतरा: जिले की पुलिसिंग व्यवस्था को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने दो थाना प्रभारियों का तबादला करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है. टंडवा थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार को हंटरगंज थाना प्रभारी बनाया गया है. वहीं पुलिस अवर निरीक्षक दिलेश्वर कुमार को गिद्धौर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक की गोपनीय शाखा की ओर से आदेश जारी कर दिया गया है. दोनों नवपदस्थापित थाना प्रभारियों ने योगदान दिया.
दोनों पदाधिकारियों को है थाना प्रभारी के रूप में अनुभव
हंटरगंज थाना प्रभारी बनाए गए 2018 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार इससे पहले राजपुर थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. इसके अलावा वे सदर और टंडवा थाना में भी पदस्थापित रह चुके हैं.
वहीं 2012 बैच के पुलिस अवर निरीक्षक दिलेश्वर कुमार इससे पहले वशिष्ठनगर-जोरी थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं. दोनों पदाधिकारियों के पूर्व अनुभव को देखते हुए उन्हें हंटरगंज और गिद्धौर जैसे महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
हंटरगंज थाना एक माह से था प्रभारी विहीन
पुलिस अवर निरीक्षक प्रभात कुमार के तबादले के बाद से हंटरगंज थाना प्रभारी का पद रिक्त था. करीब एक माह से पुलिस निरीक्षक विपिन कुमार थाना प्रभारी के अतिरिक्त प्रभार में थे. अब एसपी ने संदीप कुमार को हंटरगंज थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी है.
वहीं गिद्धौर थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री को लाइन क्लोज कर दिया गया है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में 1971 अपराधियों की डिजिटल प्रोफाइल तैयार, 28 पर CCA का प्रस्ताव; SP ने तेज की निगरानी
कानून-व्यवस्था होगी और चुस्त-दुरुस्त : एसपी
पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने कहा कि जिले में बेहतर कानून-व्यवस्था और प्रभावी पुलिसिंग के लिए पदाधिकारियों को उनकी कार्यक्षमता और आवश्यकता के अनुरूप जिम्मेदारियां दी जा रही हैं.
नवपदस्थापित थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण व आम लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
उन्होंने कहा कि पुलिसिंग में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस-पब्लिक मैत्री संबंध को मजबूत करते हुए अपराध पर अंकुश लगाने की दिशा में चतरा पुलिस लगातार प्रभावी कदम उठा रही है.
