चार दिन से लापता टेंपो चालक, लावारिस मिला टेंपो तो सड़क पर उतरे परिजन

चतरा में एक टेंपो चालक चार दिनों से लापता है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है. लावारिस हालत में टेंपो मिलने के बाद परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्य पथ को जाम कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

चतरा. शहर के नगवां मोहल्ला निवासी टेंपो चालक तिलक यादव चार दिनों से लापता हैं. परिजन और मोहल्ले के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं. इसकी सूचना सदर पुलिस को दी गयी है. परिजनों की सूचना पर सदर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी.

पुलिस ने शहर से सटे धमनिया इलाके से मंगलवार को टेंपो लावारिस हालत में बरामद किया. टेंपो मिलने के बाद पुलिस तकनीकी टीम की मदद से तिलक की तलाश में जुटी है और उनके मोबाइल समेत अन्य संभावित सुरागों की पड़ताल की जा रही है. इधर, तिलक की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों ने चतरा-हजारीबाग मुख्य पथ को न्यू कोर्ट मोड़ विकास भवन चौक के समीप जाम कर दिया है.

आंदोलन में टेंपो चालक संघ के सदस्य शामिल हुए. सड़क जाम से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. टेंपो चालक संघ के अध्यक्ष राजू दबगर ने कहा कि तिलक को लापता हुए चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिला है.

इससे परिजनों के साथ-साथ हम सभी को भी अनहोनी की चिंता सता रही है. उन्होंने एसपी और एसडीपीओ से मामले में त्वरित संज्ञान लेकर तलाश अभियान और तेज करने की मांग की. जाम की सूचना पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन और एएसआइ दुखीराम महतो दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास किया. एसडीपीओ ने कहा कि तिलक की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस तकनीकी टीम के सहयोग से हर संभावित पहलू की गहनता से जांच कर रही है.

विशेष टीम झारखंड-बिहार के अलग-अलग इलाकों में लगातार छापेमारी कर रही है. उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जल्द तिलक को सुरक्षित बरामद कर लिया जायेगा. उन्होंने परिजनों और आमलोगों से पुलिस को सहयोग करने की अपील की. एसडीपीओ के आश्वासन के बाद जाम हटा लिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dinbandhu thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >