16 लाख की 3700 बोतल विदेशी अवैध शराब जब्त, भूसे में छिपाकर भेजा जा रहा था बिहार

चतरा पुलिस को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल अवैध विदेशी शराब जब्त की है. तस्कर शराब को धान के भूसे में छिपाकर बिहार ले जा रहे थे, लेकिन वाहन जांच के दौरान चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया.

चतरा: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सदर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने करीब 16 लाख रुपये मूल्य की 3700 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की है. तस्कर शराब की खेप ट्रक में धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार ले जा रहे थे. पुलिस की कार्रवाई के दौरान चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया.

सोमवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बिहार भेजी जा रही है. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.

पुलिस टीम को कुचलने का किया प्रयास

टीम में सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुअनि राहुल सिंह, सअनि रवि रंजन कुमार एवं प्रवीण कुमार शामिल थे. पुलिस ने शेरेगड़ा के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा. पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस टीम को कुचलने का प्रयास करते हुए भाग निकला.

पीछा करने पर पलटा ट्रक, सड़क पर बिखर गई शराब

पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा किया. भागने के दौरान संघरी घाटी मोड़ के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सड़क किनारे पलट गया. हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस जब घटनास्थल पर पहुंची तो ट्रक का डाला धान के भूसे से भरा मिला. जांच के दौरान भूसे के नीचे बड़ी संख्या में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं. ट्रक पलटने से भूसा हट गया और शराब की बोतलें सड़क पर बिखर गईं. तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए बेहद शातिर तरीके से शराब की खेप को भूसे के अंदर छिपाया था.

16 लाख की शराब जब्त, तस्करों की तलाश जारी

एसडीपीओ ने बताया कि ट्रक से कुल 3700 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है. ट्रक के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य साक्ष्यों के आधार पर तस्करों की पहचान की जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप किस राज्य से लाई गई थी और बिहार में किस गिरोह तक पहुंचाई जानी थी. फरार चालक और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

मुख्य बातें

  • 3700 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद.
  • बरामद शराब की अनुमानित कीमत 16 लाख रुपये.
  • धान के भूसे के नीचे छिपाकर बिहार ले जाई जा रही थी खेप.
  • वाहन जांच के दौरान चालक ने पुलिस को कुचलने का प्रयास किया.
  • पीछा करने पर संघरी घाटी मोड़ के पास ट्रक पलटा.
  • चालक फरार, ट्रक जब्त.
  • तस्करी नेटवर्क और सप्लाई चेन की जांच में जुटी पुलिस.

ये भी पढ़ें...

अपराध की दुनिया में पलामू के गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंत, 2 सगे भाइयों की हत्या कर आया था सुर्खियों में

गैंगस्टर प्रिंस खान के साथ मिलकर सुजीत सिन्हा चलाता था खौफ का साम्राज्य, पाकिस्तान से भी जुड़े हैं तार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dinbandhu thakur

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >