बोकारो: कक्षा में केवल प्रथम आना ही सफलता नहीं है. कल से बेहतर होना असल कामयाबी है. हर बच्चा अपने-आप में प्रतिभावान है. दूसरों से तुलना करने के बजाय खुद में सर्वश्रेष्ठ बनने का प्रयास करें. माता-पिता व शिक्षकों का सदैव उनका आदर करें. यह बातें सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने शनिवार को दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो की प्राइमरी इकाई के विद्यार्थियों के लिए आयोजित अचीवर्स अवार्ड समारोह को संबोधित करते हुए कही.
समारोह में सिटी डीएसपी राजीव रंजन ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ एएस गंगवार के साथ शैक्षणिक सत्र 2025-26 के 309 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र व अचीवर्स बैज देकर पुरस्कृत किया. इनमें कक्षा दो से पांच तक के वैसे विद्यार्थी शामिल रहे, जिन्होंने उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के साथ-साथ पाठ्येतर गतिविधियों में भी उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की.
प्राचार्य ने इन विद्यार्थियों को बधाई देते हुए सफलता के पीछे उनकी मेहनत, गलतियों के बाद सुधार व उनके छोटे-छोटे प्रयासों पर प्रकाश डाला. समारोह में बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये. छात्राओं ने स्वागत गान-मन की वीणा से गुंजित ध्वनि मंगलम...और विद्यालय गीत-आया है नया सवेरा... प्रस्तुत किया, इसके बाद भांगड़ा नृत्य प्रस्तुत किया. समारोह का समापन राष्ट्रगान से हुआ.
