बोकारो से रंजीत कुमार
Bokaro: नशा के खिलाफ जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग लगातार अभियान चला रहा है. स्कूलों में पुलिस अधिकारी बच्चों को नशा से दूर रहने की सलाह दे रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग लाइन होटल, ढाबा सहित दुकानों में नशीला पदार्थ तलाश रहा है. मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आईटीआई मोड़ चास से कुर्रा मोड़ तक सात लाइन होटल में अभियान चलाकर 4300 रुपये जुर्माना वसूला. अब डीसी अजय नाथ झा ने स्वास्थ्य विभाग को दवा दुकानों में भी विशेष छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया है.
नशे के कारोबारियों पर पैनी नजर
दवा दुकानों में प्रतिबंधित कफ सिरप व नशीले दवाओं पर विशेष नजर रखने को कहा है. सभी अंचल अधिकारियों व थाना प्रभारियों को भी क्षेत्रों में संयुक्त टीम बनाकर छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया है. नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासनिक व पुलिस स्तर पर संयुक्त कार्रवाई लगातार की जा रही है. इसके अलावे सभी थाना प्रभारियों को विशेष टास्क दिया गया है.
शराब दुकान के पास शराब पीने वालों पर कार्रवाई
शराब दुकानों के पास शराब सेवन करने पर प्रतिबंध लगाया गया है. यदि कोई शराब दुकान के आसपास खुलेआम शराब का सेवन करते पकडा गया, तो कानूनी कार्रवाई करने की बात कही गयी है. सभी थाना की पुलिस सक्रियता से नशा के खिलाफ अभियान चला रहे हैं. लगातार गोष्ठी की जा रही है. चौक-चौराहों पर पुलिस अधिकारी लोगों को नशा से दूर रहने की सलाह दे रहे है.
लाइन होटलों में छापेमारी दल ने की जांच, लगाया जुर्माना
डीसी के निर्देश पर मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बोकारो जिले के लाइन होटलों में हुक्काबार, ई-सिगरेट व मादक पदार्थ को लेकर विशेष छापेमारी अभियान चलाया. साथ ही तंबाकू निषेध गतिविधियों की समीक्षा की. औषधि निरीक्षक पुतली बिलुंग, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गुलाब लकड़ा व जिला छापामारी दल सदस्य सह राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के जिला परामर्शी मो असलम शामिल थे. आईटीआई मोड़ चास से कुर्रा तक सात लाइन होटलों की जांच छापेमारी दल ने की. किसी भी होटल में हुक्काबार व ई-सिगरेट नहीं मिली, लेकिन धूम्रपान निषेध सूचना पट्ट का अनुपालन नहीं किया जा रहा था. इस उल्लंघन के कारण संबंधित होटल संचालकों से चार हजार तीन सौ दंड वसूला गया.
ये भी पढ़ें…
तेनुघाट के नैनाटांड़ में प्रतिबंधित मांस मिलने से बवाल, ग्रामीणों ने घंटों किया सड़क जाम
