बोकारो से धर्मनाथ कुमार
Bokaro: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव व मीडिया विभाग के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने देश में बढ़ते पेपर लीक मामलों, युवाओं में बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था के गिरते स्तर को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला. बुधवार को बोकारो परिसदन में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से 2024 के बीच देश में लगभग 89 पेपर लीक के मामले सामने आए, जिसके कारण 48 बार परीक्षाएं दोबारा आयोजित करनी पड़ीं. जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा की उपस्थिति में आयोजित प्रेस वार्ता में शाहदेव ने कहा कि एक अध्ययन के अनुसार पिछले पांच वर्षों में 15 राज्यों में 41 पेपर लीक की घटनाएं हुईं, जिससे करीब 1.4 करोड़ अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 लागू होने के बावजूद राजस्थान समेत कई राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं नहीं रुकीं, जो कानून के प्रभावी क्रियान्वयन पर सवाल खड़े करता है.
भर्ती प्रक्रिया में बड़ी गड़बड़ी का आरोप
उन्होंने कहा कि नीट यूजी, यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती, सीटेट और यूजीसी नेट जैसी प्रमुख परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं से एक करोड़ से अधिक छात्र प्रभावित हुए हैं. नीट यूजी में लगभग 24 लाख अभ्यर्थियों व यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा रद्द होने से 48 लाख अभ्यर्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, सीटेट और यूजीसी नेट के मामलों ने भी परीक्षा प्रणाली की खामियों को उजागर किया है. रोजगार के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि 1 मार्च 2023 तक केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 9.64 लाख से अधिक पद रिक्त थे. इसके अलावा केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में जुलाई 2024 तक 84 हजार से अधिक पद खाली पड़े थे. उन्होंने आरोप लगाया कि रेलवे समेत कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया युवाओं की अपेक्षाओं के अनुरुप नहीं चल रही है.
बेरोजगारी दर चिंता का विषय
शाहदेव ने कहा कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं में बेरोजगारी दर चिंताजनक बनी हुई है और उच्च शिक्षित स्नातक एवं स्नातकोत्तर युवा सबसे अधिक बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं. उन्होंने छात्र आत्महत्या की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए कहा कि वर्ष 2022 में देश में दर्ज कुल आत्महत्या मामलों में लगभग 13 हजार छात्र शामिल थे. वर्ष 2023 में यह आंकड़ा और बढ़ा, जो शिक्षा और रोजगार व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों को दर्शाता है.
कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी की जांच जरूरी : शाहदेव
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने लखनऊ कोचिंग संस्थान में हुई आगलगी की घटना पर दुख जताया. उन्होंने कहा कि यह हादसा सुरक्षा मानकों की अनदेखी का परिणाम है. दोषियों पर कार्रवाई हो व सभी शिक्षण संस्थानों में फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच करायी जाये.
बेरोजगारी दूर करने को लेकर कांग्रेस सक्रिय : जवाहर महथा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर लाल महथा ने कहा कि जिले में बेरोजगारी की समस्या को दूर करने के लिए कांग्रेस संगठन लगातार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, रिक्त पदों पर नियुक्ति और स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने के लिए पार्टी जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी. प्रेस वार्ता में प्रदेश कांग्रेस के मीडिया पैनलिस्ट राजीव नारायण प्रसाद, कोषाध्यक्ष अशोक मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष प्रेम राय, जिला उपाध्यक्ष राजकुमार विद्यार्थी समेत अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
बोकारो में नशा मुक्ति अभियान, साइकिल रैली से दिया जागरूकता का संदेश
बोकारो को मिले 10 नये चिकित्सक, बेहतर होगी स्वास्थ्य व्यवस्था
