शुक्रवार को कार्रवाई, शनिवार को फिर अतिक्रमण; सिटी सेंटर-04 में बीएसएल की मुहिम पर उठे सवाल

बोकारो के सिटी सेंटर-04 में बीएसएल ने अतिक्रमण के खिलाफ फिर चलाया हथौड़ा, एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण तोड़े गए. जानें पूरी खबर.

बोकारो. जमीन पर अतिक्रमण और कब्जे के खिलाफ बीएसएल एक्शन मोड में है. सिटी सेंटर-04 में लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी कब्जा और अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. नगर सेवा विभाग की टीम ने एक दर्जन से अधिक कब्जे और अवैध निर्माण हटाये. कार्रवाई के दौरान कई पक्के और कच्चे निर्माण को ध्वस्त किया गया.

हालांकि, बीएसएल की कार्रवाई के अगले ही दिन सिटी सेंटर-04 के कई गलियारों में फिर से दुकानें सज गयीं. इससे अभियान की स्थायी सफलता पर सवाल उठने लगे हैं.

सर्कस मैदान वाले छोर पर चला अभियान

शनिवार को बीएसएल नगर सेवा विभाग की टीम होमगार्ड के दर्जनों जवानों के साथ सिटी सेंटर के सर्कस मैदान वाले छोर पर पहुंची. टीम ने दुकानों और प्लॉट के बीच बने गलियारों को खाली कराया. अवैध निर्माण पर हथौड़ा चलाकर कई कब्जे ध्वस्त किये गये.

ये भी पढ़ें: पेटरवार बाजार में करम परब की रौनक, बांस की जावा डाली-करम डाली खरीदने उमड़ी भीड़

कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मचा रहा. कई दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आये. टीम ने पक्के और कच्चे दोनों तरह के निर्माण हटाये.

कार्रवाई के बाद फिर सज गयीं दुकानें

शुक्रवार को बड़े पैमाने पर अभियान चलाये जाने के बाद सिटी सेंटर-04 में जगह-जगह मलबा और टूटे शेड नजर आये. शनिवार को इसी मलबे के बीच कई दुकानदारों ने दोबारा दुकानें सजा लीं.

पैदल चलने वालों के लिए बनाये गये गलियारों में फिर से अतिक्रमण होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कार्रवाई के बाद सड़कों और गलियारों में पड़ा मलबा भी आवाजाही में बाधा बन रहा है.

स्थानीय लोगों ने स्थायी समाधान की मांग की

स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ दिनों की कार्रवाई से अतिक्रमण की समस्या खत्म नहीं होगी. जब तक लगातार निगरानी नहीं रखी जायेगी और वेंडिंग जोन की स्थायी व्यवस्था नहीं होगी, तब तक ऐसे अभियानों का असर सीमित रहेगा.

लोगों ने प्रबंधन और प्रशासन से अतिक्रमण हटाने के साथ मलबा साफ कराने तथा दुकानदारों के लिए व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने की मांग की है.

ये भी पढ़ें: बोकारो में थैलेसीमिया पीड़ित 110 बच्चों की जांच, HLA मैचिंग के लिए जर्मनी भेजे जायेंगे 450 सैंपल

फिलहाल एक ओर बीएसएल का अतिक्रमण विरोधी अभियान जारी है, तो दूसरी ओर कार्रवाई के बाद उसी जगह दोबारा दुकानें सजने का सिलसिला भी शुरू हो गया है. अब देखना होगा कि बीएसएल की सख्ती कितनी देर तक कायम रहती है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil tiwari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >