Bokaro News: नगर निकाय चुनाव : बराबर वोट आने पर लॉटरी से तय किया जायेगा विजेता
Bokaro News: नगर निकाय चुनाव की मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी व त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशिक्षण कोषांग की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ.
By ANAND KUMAR UPADHYAY | Updated at :
बोकारो, नगर निकाय चुनाव की मतगणना को शांतिपूर्ण, पारदर्शी व त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को प्रशिक्षण कोषांग की ओर से प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ. डीएवी इस्पात विद्यालय सेक्टर 02/सी में आयोजित प्रशिक्षण में 60 मतगणना सुपरवाइजर व 117 सहायकों ने भाग लिया. मास्टर ट्रेनर आशुतोष कुमार ने बताया कि यदि दो या अधिक प्रत्याशियों को समान मत प्राप्त होते हैं तो नियमानुसार लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से विजेता घोषित होगा. मतगणना कर्मियों को अनुशासन, गोपनीयता व समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया गया. इस दौरान मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रत्याशियों व एजेंटों की उपस्थिति, आपत्ति निवारण की प्रक्रिया तथा समयबद्ध परिणाम घोषणा को लेकर भी दिशा-निर्देश दिया गया.
चरणबद्ध मतगणना प्रक्रिया की मिली जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मतपत्रों की जांच, वैध व अमान्य मतों की पहचान, राउंडवार गणना, प्रपत्रों का संधारण, परिणाम पत्रक तैयार करने की प्रक्रिया व बैलेट बॉक्स से संबंधित आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गयी. मास्टर ट्रेनरों की ओर से मॉक काउंटिंग के माध्यम से कर्मियों को व्यावहारिक अभ्यास कराया गया. ताकि, वास्तविक मतगणना के दौरान किसी प्रकार की भ्रम या त्रुटि की संभावना नहीं रहे.
पारदर्शिता व सावधानी से करें मतगणना : डीडीसी
उप विकास आयुक्त शताब्दी मजूमदार ने कहा कि मतगणना निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत संवेदनशील चरण है. प्रत्येक मत की गणना पूरी सावधानी, पारदर्शिता व निष्पक्षता के साथ की जानी चाहिए. उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने व किसी भी शंका की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया अपनाने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने मतगणना कर्मियों से दोपहिया वाहन से आने की अपील की.
चास की पांच, तो फुसरो की चार राउंड में होगी गिनती : एसडीओ
चास एसडीओ चास प्रांजल ढांडा ने वैद्य मतपत्र की पहचान, मतगणना प्रपत्रों के संधारण व राउंडवार गणना की प्रक्रिया के बारे में बताया. एसडीओ ने कहा कि मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी. पूरे परिसर को सीसीटीवी निगरानी में रखा जायेगा. एसडीओ ने बताया कि चास नगर निगम में पांच राउंड व फुसरो नगर परिषद में चार राउंड में मतगणना प्रस्तावित है.
सूक्ष्म त्रुटियों से भी बचने की दी सलाह : एसडीओ
बेरमो एसडीओ मुकेश मछुआ ने मतगणना कर्मियों को छोटी से छोटी त्रुटियों से बचने व शांतिपूर्वक गणना करने की सलाह दी. प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी प्रभाष दत्ता ने प्रपत्र 17 व प्रपत्र 18 के मिलान व बैलेट पेपर की क्रमवार गिनती पर ध्यान देने का निर्देश दिया.