बेरमो से प्रशांत कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Bokaro News: झारखंड के बोकारो जिले के अंतर्गत गोमिया क्षेत्र के तेनुघाट ओपी स्थित नैनाटांड़ गांव में मंगलवार को प्रतिबंधित मांस मिलने की सूचना पर जमकर हंगामा हो गया. आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी की गिरफ्तारी और जेल भेजने की मांग को लेकर गांव के मुख्य मार्ग को करीब कई घंटे तक जाम रखा. स्थिति तनावपूर्ण होते देख एसडीएम, डीएसपी समेत कई थानों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को मोर्चा संभालना पड़ा.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस, पर ग्रामीण अड़े रहे
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह गांव के कुछ लोगों को एक घर में प्रतिबंधित मांस होने की भनक लगी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो को दी. ओपी प्रभारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया. लेकिन, ग्रामीण आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग पर अड़ गए. सहमति नहीं बनने पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण गांव की मुख्य सड़क पर उतर आए और जाम लगा दिया.
आला अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
सड़क जाम और तनाव की सूचना मिलते ही बेरमो के एसडीएम मनोज कुमार, बेरमो डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह, गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव कुमार महतो, अंचल अधिकारी आफताब आलम और इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीटीपीएस थाना प्रभारी पिंकू यादव, गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो, आईईएल थाना प्रभारी श्यामल मंडल, दुग्दा थाना प्रभारी मनीष कुमार, जागेश्वर थाना प्रभारी ओम प्रकाश यादव समेत आसपास के थानों की पुलिस बल को भी मौके पर बुला लिया गया.
कानून करेगा अपना काम: एसडीएम
अधिकारियों ने ग्रामीणों से बात कर उन्हें शांत करने का प्रयास किया. एसडीएम मनोज कुमार ने लोगों को आश्वस्त किया कि कानून अपना काम करेगा. मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. डीएसपी रविंद्र कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील की गई.
जेल भेजा जाएगा आरोपी
प्रशासन के आश्वासन और करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने कथित आरोपी को 12 घंटे में हिरासत ले कर जेल भेज दिया जाएगा. आरोपी को जेल भेजने की मांग पर अड़े ग्रामीण इसके बाद शांत हुए और सड़क से जाम हटा लिया गया. पुलिस ने मौके से प्रतिबंधित मांस के नमूने जब्त कर जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेज दिए हैं.
इसे भी पढ़ें: बिरसा मुंडा जेल में महिला कैदी के गर्भवती मामला: हाईकोर्ट में सीलबंद लिफाफे में पेश की गई रिपोर्ट
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
तेनुघाट ओपी प्रभारी भजनलाल महतो ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिसम्मत आगे की कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल नैनाटांड़ गांव और आसपास के इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है. पुलिस और प्रशासन सोशल मीडिया पर भी नजर रख रहा है ताकि कोई अफवाह न फैले.
इसे भी पढ़ें: अचानक फटा गैस सिलेंडर और मच गई अफरा-तफरी, टाटीसिल्वे सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर GAIL की ऑफ-साइट मॉक ड्रिल
