बोकारो पुलिस की 'सुपरफास्ट' कार्रवाई: एजेंट से लूटपाट करने वाले 3 शातिर 12 घंटे में पहुंचे सलाखों के पीछे

Bokaro Crime News: बोकारो में रिकवरी एजेंट सोनू कुमार से लूटपाट करने वाले 3 लुटेरों को पुलिस ने महज 12 घंटे में दबोचा है. आरपीएफ बैरक के पास बाइक और फोन लूटकर बदमाश भाग निकले थे. पढ़ें डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता के नेतृत्व में कैसे सफल हुआ यह विशेष ऑपरेशन.

Bokaro Crime News, बोकारो (रंजीत कुमार): बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र में रिकवरी एजेंट से लूटपाट के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. इस मामले में गुरुवार को तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. मुख्यालय डीएसपी अनिमेष कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपियों के पास से लूटी गयी बाइक (JH09AV-2018), वारदात में इस्तेमाल की गयी बाइक (BR27W-5985), 3,420 रुपये नकद, तीन स्मार्टफोन, पर्स और आधार कार्ड बरामद किये गये हैं.

गिरफ्तार आरोपियों का पहले भी रहा अपराधिक इतिहास

पुलिस उपाधीक्षक ने जानकारी दी कि गिरफ्तार राम कुमार यादव उर्फ भैरव यादव पर बालीडीह थाने में पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं, प्रियांशु कुमार उर्फ प्रियांशु चौधरी उर्फ पेटरा (23) पर दो प्राथमिकी दर्ज हैं, जबकि तीसरे आरोपी रोहित कुमार (24) के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.

12 घंटे के अंदर सभी की गिरफ्तारी हुई

पीड़ित की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के अंदर सभी आरोपियों को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक पूछताछ के बाद सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

Also Read: Dhanbad: बिजली बकाया पर राहत, चार किस्तों में भुगतान की सुविधा, बहाल होंगे कनेक्शन

क्या है पूरा मामला

चास निवासी सोनू कुमार, जो एक रिकवरी एजेंट हैं, 25 मार्च की रात कुर्मीडीह से काम खत्म कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान आरपीएफ बैरक के पास एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोककर मारपीट की. अपराधियों ने सोनू से उनकी बाइक, मोबाइल, आधार कार्ड और पर्स में रखे दो हजार रुपये लूट लिये. इतना ही नहीं, बदमाशों ने डरा-धमकाकर पीड़ित से उनके ‘फोन-पे’ का पासवर्ड भी ले लिया और बाद में उनके खाते से 5,300 रुपये निकाल लिये. वारदात के तुरंत बाद सोनू ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज करायी थी.

एसपी के निर्देश पर टीम गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई और सटीक सूचना के आधार पर विशेष अभियान चलाकर तीनों लुटेरों को उनके घर से ही दबोच लिया.

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस सफल अभियान में बालीडीह थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, चंद्रदेव कुमार, अजय कुमार राय, शशिकांत ठाकुर, संदीप कुमार, वीरमणि कुमार और सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

Also Read: झारखंड में बम का खौफ: धनबाद कोर्ट के बाद रांची डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, मची अफरा-तफरी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >