झारखंड राज्य क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष अमिताभ चौधरी की चौथी पुण्यतिथि पर रविवार को बोकारो जिला क्रिकेट संघ की ओर से चास स्थित होटल गोल्डेन रेजिडेंसी में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. सभा में जेएससीए के पूर्व पदाधिकारी, आजीवन सदस्य, बीडीसीए के पदाधिकारी, अंपायर, स्कोरर, कोच, ट्रेनर और खिलाड़ी शामिल हुए. सभी ने अमिताभ चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.
जेएससीए जिला सब कमेटी के चेयरमैन सह बीडीसीए अध्यक्ष पीएन सिंह ने कहा कि अमिताभ चौधरी का झारखंड क्रिकेट के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा. उन्होंने झारखंड क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभायी.
बीडीसीए सचिव राजेश रंजन ने कहा कि अमिताभ चौधरी ने झारखंड के सभी जिलों में क्रिकेट के विकास पर जोर दिया. उनके प्रयासों का परिणाम है कि छोटे जिलों के खिलाड़ी भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं. उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा.
