नशा मुक्त विद्यालय, स्वस्थ समाज का लिया संकल्प

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई

-विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर विद्यार्थियों व शिक्षकों ने ली सामूहिक शपथ

सुपौल.

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को सुपौल उच्च माध्यमिक विद्यालय (विलियम्स हाई स्कूल) में एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एंड गाइड, विद्यार्थियों तथा विद्यालय परिवार के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता एवं नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शिक्षकों, कर्मियों और छात्रों ने तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अजय कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में किसी भी समाज, संस्था या परिवार का नशा मुक्त होना बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने बताया कि लंबे समय से उनकी सोच रही है कि विद्यालय का कोई भी छात्र या कर्मचारी किसी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करे. इसी उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहा है.

विद्यालय अवधि में नशा सेवन नहीं करने की अपील रंग लाई

प्रधानाध्यापक ने बताया कि विद्यालय में योगदान देने के बाद सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों से विद्यालय अवधि में पान, गुटखा, तंबाकू समेत किसी भी प्रकार के नशे का सेवन नहीं करने का अनुरोध किया गया था. उन्होंने कहा कि संतोष की बात है कि लगभग शत-प्रतिशत सहकर्मियों ने इस आदत को छोड़ दिया है. इसे उन्होंने विद्यालय परिवार की सामूहिक उपलब्धि बताया. कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई. शपथ में स्वयं तंबाकू एवं नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने, परिवार और समाज को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा विद्यालय और आसपास के वातावरण को नशा मुक्त रखने का संकल्प लिया गया.

तंबाकू कई गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण

इस अवसर पर तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई. वक्ताओं ने बताया कि तंबाकू कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों और उच्च रक्तचाप जैसी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है. इसके सेवन से व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति भी प्रभावित होती है. वहीं तंबाकू छोड़ने से स्वास्थ्य में सुधार, जीवन प्रत्याशा में वृद्धि और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा मिलता है. कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड के जिला आयुक्त संजय कुमार झा, वरिष्ठ शिक्षक पवन कुमार, ललन कुमार, शिव सागर साह, मेधातिथि चंदन, अजीत सिंह यादव, मधुलता कुमारी, चंदा कुमारी, काजल कुमार, डेज़ी कुमारी, देव नारायण साह, मंजय कुमार झा, हिमांशु कुमार, अंबेश कुमार सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >