प्राचीन मूर्तियों के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, पुरातात्विक धरोहर होने की आशंका

बरामद मूर्तियों को सौंप दिया गया सीमा शुल्क विभाग को

– बरामद मूर्तियों को सौंप दिया गया सीमा शुल्क विभाग को

कुनौली.

भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सतर्क निगरानी के दौरान 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल ने प्राचीन एवं पुरातात्विक महत्व की प्रतीत होने वाली मूर्तियों के साथ एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया है. बरामद मूर्तियों को राष्ट्रीय धरोहर से जुड़ा मानते हुए अग्रिम जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग को सौंप दिया गया है.

ड्यूटी पर तैनात जवानों को देखकर भागने लगा था नेपाली नागरिक

एसएसबी ने बताया कि सीमा चौकी कुनौली के कार्यक्षेत्र में अवैध तस्करी, प्रतिबंधित वस्तुओं के आवागमन व संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष जांच एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक व्यक्ति नेपाल की ओर से पीले रंग के कपड़े में लिपटा सामान लेकर भारतीय सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया. ड्यूटी पर तैनात जवानों को देखकर वह व्यक्ति घबराकर तेजी से आगे बढ़ने लगा. उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर एसएसबी जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की. पूछताछ में उसने अपना नाम रामचन्द्र मुखिया, निवासी सकरपुरा, जिला सप्तरी (नेपाल) बताया. तलाशी के दौरान उसके पास से धातु निर्मित भगवान श्रीकृष्ण की लगभग 26 सेंटीमीटर लंबी एक क्षतिग्रस्त मूर्ति, राधा जी की लगभग 23 सेंटीमीटर लंबी मूर्ति, गाय की लगभग 15 सेंटीमीटर लंबी क्षतिग्रस्त आकृति तथा एक धातु निर्मित आसन/प्लेट बरामद की गई. प्रारंभिक जांच में बरामद मूर्तियां और अन्य सामग्री धार्मिक, ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व की प्रतीत हुईं. पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्ति ने बताया कि उसे ये मूर्तियां तिरजुगा नदी के किनारे मिली थीं. वह इन्हें भारत में जांच कराने तथा बेचने के उद्देश्य से लेकर आ रहा था. हालांकि, वह इन वस्तुओं के स्वामित्व, खरीद-बिक्री अथवा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. दस्तावेजों के अभाव और संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए एसएसबी ने बरामद मूर्तियों एवं सामग्री को विधिवत कब्जे में लेकर सुरक्षित किया तथा आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए स्थल सीमा शुल्क कार्यालय कुनौली को सौंप दिया. इस कार्रवाई को सफल बनाने में निरीक्षक चमन सिंह सहित सीमा चौकी कुनौली के अन्य एसएसबी जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

बोले एसएसबी अधिकारी

इस संबंध में 45वीं वाहिनी एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों की रोकथाम और राष्ट्रीय धरोहरों की सुरक्षा के लिए एसएसबी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है. उन्होंने कहा कि सीमा पर निगरानी व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है. ताकि किसी भी प्रकार की तस्करी और अवैध गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >