भुगतान को लेकर उप डाकघर में मारपीट, दो घायल

भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी

– भुगतान प्रक्रिया को लेकर ग्राहक और अभिकर्ता के पति के बीच हुआ विवाद, एक गिरफ्तार

त्रिवेणीगंज

थाना रोड स्थित उप डाकघर परिसर में सोमवार की संध्या भुगतान को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच मारपीट हो गयी. घटना में दो लोग घायल हो गये. सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

जानकारी के अनुसार नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 18 स्थित वंशी चौक निवासी राहुल कुमार अपने भुगतान संबंधी कार्य से उप डाकघर पहुंचे थे. डाकघर में कार्यरत एक महिला अभिकर्ता के पति धीरेन्द्र कुमार ने उन्हें बताया कि भुगतान से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर डाकपाल को सौंप दी गयी है और राशि खाते में भेजी जायेगी. इसी दौरान भुगतान को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गयी, जो बाद में मारपीट में बदल गयी.

दोनों पक्षों ने लगाये गंभीर आरोप

धीरेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल कुमार ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उनके गले से करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली गयी.

वहीं राहुल कुमार की पत्नी पूजा कुमारी ने थाना में दिये आवेदन में आरोप लगाया है कि उनके पति से निकासी फॉर्म पर हस्ताक्षर कराने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि खाते से राशि निकासी का संदेश मोबाइल पर आ गया था, लेकिन रुपये नहीं दिये गये.

बंधक बनाकर मारपीट का आरोप

पूजा कुमारी ने आरोप लगाया कि रुपये मांगने पर उनके पति को पकड़कर सादे कागज पर कई जगह हस्ताक्षर कराये गये और बंधक बनाकर मारपीट की गयी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति के गले से करीब 30 हजार रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली गयी तथा निकासी की गयी 76,100 रुपये की राशि भी नहीं दी गयी.

कहते हैं थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि धीरेन्द्र कुमार की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. आरोपी राहुल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं दूसरे पक्ष से प्राप्त आवेदन की भी जांच की जा रही है. मामले के सभी पहलुओं पर पुलिस अनुसंधान कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >