Siwan News: बड़हरिया प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों से बुधवार को उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ तिरंगा यात्रा निकाली गयी. हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे शिक्षक और विद्यार्थियों के जत्थे अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में भ्रमण करते हुए देशभक्ति के नारों से माहौल को गुंजायमान करते रहे. गांव की गलियों से जब बच्चों की टोली तिरंगा लेकर निकली, तो ग्रामीण भी उत्साह से उनका स्वागत करते दिखे.
वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से गूंजा इलाका
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने 'वंदे मातरम', 'भारत माता की जय' और 'वीर शहीद अमर रहें' जैसे नारों का उद्घोष किया. इससे पूरा इलाका देशभक्ति के रंग में रंग गया. जगह-जगह लोगों ने यात्रा में शामिल बच्चों का उत्साह बढ़ाया और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट किया.
पीएमश्री स्कूल समेत अन्य विद्यालयों से भी निकली यात्रा
इसी कड़ी में पीएमश्री भुवनेश्वर-फतेह आलम हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज, उत्क्रमित मध्य विद्यालय औराईं सहित प्रखंड के अन्य विद्यालयों से भी तिरंगा यात्रा निकाली गयी. विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता, देशप्रेम और वीर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए लोगों को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के लिए प्रेरित किया.
गांव-गांव तक पहुंचा राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश
तिरंगा यात्रा के दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था. प्रधानाध्यापक आश मोहम्मद बैठा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और एकता की भावना मजबूत होती है. यात्रा के माध्यम से गांव-गांव तक राष्ट्रप्रेम और एकजुटता का संदेश पहुंचाया गया.
इस मौके पर शिक्षक चंद्रप्रकाश प्रसाद, अनिल सिंह, सुमन कुमार, नीतीश कुमार, रुपेश कुशवाहा, राकेश कुमार, आकाश प्रसाद, नेहा गुप्ता, विनीत मिश्र, कुमारी अंशु, रजनीश कुमार सहित सभी शिक्षक मौजूद थे.
