Electricity Supply Cut: महावीरी झंडा मेला और जुलूस को लेकर सीवान जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहम फैसला लिया है. जुलूस और अखाड़ों के निकलने के दौरान शहरी और ग्रामीण इलाकों में विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रखने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का यह फैसला जुलूस के दौरान बिजली के तारों और विद्युत उपकरणों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लिया गया है.
इस संबंध में सीवान सदर के अनुमंडल पदाधिकारी ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल सीवान और महाराजगंज के कार्यपालक अभियंताओं को पत्र भेजकर निर्देश का पालन सुनिश्चित करने को कहा है.
4 सितंबर की रात जुलूस खत्म होने तक बंद रहेगी बिजली
प्रशासन के निर्देश के अनुसार 4 सितंबर की रात 11:30 बजे से महावीरी झंडा जुलूस समाप्त होने तक सीवान शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रखी जाएगी.
जुलूस समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी. विद्युत विभाग को प्रशासन के निर्देश के अनुसार समय पर बिजली बंद करने और जुलूस समाप्त होने के बाद आपूर्ति बहाल करने को कहा गया है.
6 सितंबर को दिन में भी रहेगी बिजली बंद
महावीरी झंडा मेले के तहत 6 सितंबर को भी विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी. इस दिन सुबह 11:30 बजे से जुलूस की समाप्ति तक सीवान शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्देश दिया गया है.
इस दौरान जुलूस के मार्ग और आसपास के इलाकों में सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी.
ग्रामीण इलाकों में भी लागू होगा आदेश
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिजली बंद रखने का निर्देश केवल सीवान शहर तक सीमित नहीं है. सदर अनुमंडल के ग्रामीण और प्रखंड क्षेत्रों में भी जुलूस या अखाड़ा निकलने के दौरान आवश्यकता के अनुसार विद्युत आपूर्ति बाधित की जाएगी.
इसके लिए संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी स्थानीय स्तर पर विद्युत विभाग के सहायक अभियंता के साथ समन्वय स्थापित करेंगे. जुलूस के मार्ग और समय के अनुसार बिजली आपूर्ति बंद करने की व्यवस्था की जाएगी.
बिजली के तारों से दुर्घटना रोकने के लिए लिया गया फैसला
महावीरी झंडा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और अखाड़े सड़कों पर निकलते हैं. जुलूस में ऊंचे झंडे और अन्य सामग्री भी रहती है. ऐसे में बिजली के तारों अथवा विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने जुलूस के दौरान विद्युत आपूर्ति बंद रखने का फैसला लिया है. इससे जुलूस मार्ग पर संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलने की उम्मीद है.
जुलूस को लेकर प्रशासन ने बढ़ायी सतर्कता
महावीरी झंडा मेले को लेकर सीवान में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी को लेकर भी तैयारी की जा रही है.
बिजली आपूर्ति बंद रखने का निर्णय भी इसी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है. प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है.
जुलूस समाप्त होने के बाद बहाल होगी आपूर्ति
विद्युत विभाग को निर्देश दिया गया है कि जुलूस समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल की जाए. ग्रामीण एवं प्रखंड क्षेत्रों में भी स्थानीय प्रशासन और विद्युत विभाग के बीच समन्वय के आधार पर यह व्यवस्था लागू की जाएगी.
प्रशासन ने लोगों से जुलूस के दौरान सहयोग करने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद करने की अपील की है.
इसे भी पढ़ें:सारण में गंगा का रौद्र रूप: दिघवारा के अकिलपुर पंचायत के 8 गांव बाढ़ में डूबे, सड़क से घर तक पानी ही पानी
