Siwan Postal Division: सीवान डाक प्रमंडल ने डाक बचत खातों के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है. चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1 अप्रैल से 19 अगस्त तक सीवान डाक प्रमंडल में 1,00,762 नये खाते जुड़े हैं. इसके साथ ही सीवान बिहार डाक परिमंडल का पहला प्रमंडल बन गया है, जिसने इस वित्तीय वर्ष में एक लाख से अधिक नये खाते जोड़ने का आंकड़ा पार किया है.
पिछले वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसी अवधि के दौरान सीवान डाक प्रमंडल में 28,291 नये खाते जुड़े थे. इस बार पिछले वर्ष की तुलना में खातों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है. विभाग ने इस उपलब्धि को डाक बचत योजनाओं के प्रति लोगों के बढ़ते भरोसे और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम बताया है.
उपलब्धि पर कार्यालय में काटा गया केक
एक लाख से अधिक नये खाते जोड़ने की उपलब्धि पर डाक कार्यालय में केक काटकर खुशी मनायी गयी. इस मौके पर डाक अधीक्षक अभिषेक कुमार सिंह ने पूरी टीम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों की मेहनत तथा आपसी सहयोग से यह सफलता मिली है. उन्होंने टीम के सदस्यों से आगे भी इसी उत्साह के साथ काम करने की अपील की.
सितंबर तक लक्ष्य पूरा करने की बनी योजना
कार्यक्रम में सितंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य को पूरा करने के लिए आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गयी. अधिकारियों और कर्मचारियों से अधिक से अधिक डाक बचत खाते खोलने तथा ग्राहकों को डाक विभाग की विभिन्न बचत योजनाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया.
बेहतर प्रदर्शन जारी रखने का जताया भरोसा
डाक अधीक्षक ने विश्वास जताया कि सीवान डाक प्रमंडल आने वाले समय में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए नये रिकॉर्ड बनाएगा. उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों के सामूहिक प्रयास से विभाग की उपलब्धियों को आगे बढ़ाने की उम्मीद जतायी.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
