Siwan News: (शिवनाथ पांडेय की रिपोर्ट) नौतन पुलिस ने शनिवार को शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब लदी स्कॉर्पियो को जप्त किया और एक तस्कर को गिरफ्तार किया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश से एक चारपहिया वाहन में बड़ी मात्रा में शराब बिहार में सप्लाई करने के लिए लाई जा रही है.
वाहन चालक गिरफ्तार
सूचना मिलने के बाद नौतन पुलिस ने संभावित रास्तों पर सघन वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान शाहपुर नहर पुल के पास उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी में वाहन में से उत्तर प्रदेश निर्मित 800 लीटर देसी शराब बरामद हुई. वाहन के चालक को गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया.
पुलिस ने क्या कहा?
थानाध्यक्ष जीतमोहन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर सचित कुमार साह, निवासी इमलौली, मैरवा थाना क्षेत्र का है. उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है. वाहन को भी जप्त कर लिया गया है और मामले की जांच-पड़ताल जारी है. यह कार्रवाई शराब तस्करी पर नकेल कसने की दिशा में पुलिस की सतत कोशिशों को दर्शाती है.
