Siwan News: (दरौंदा से रवींद्र कुमार गुप्ता की रिपोर्ट)
प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालयों में एक जून से शुरू होने वाले समर कैंप को लेकर शिक्षा विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं. विभाग की ओर से सभी प्रधानाध्यापकों को जरूरी निर्देश जारी किए गए हैं. समर कैंप के माध्यम से वर्ग पांच और छह के चिन्हित विद्यार्थियों को विशेष शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा. इसे लेकर 29 मई को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में अहम बैठक भी बुलाई गई है.
समर कैंप को लेकर शिक्षा विभाग अलर्ट
शिक्षा विभाग ने सभी मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने पोषक क्षेत्र से दो से तीन स्वयंसेवकों अथवा टोला सहायकों का चयन करें. चयनित लोग आगामी समर कैंप में विद्यार्थियों को पढ़ाने का कार्य करेंगे. जानकारी के अनुसार समर कैंप का आयोजन एक जून से 30 जून 2026 तक किया जाएगा. इस दौरान वर्ग पांच और छह के चिन्हित विद्यार्थियों को विशेष रूप से पढ़ाई कराई जाएगी ताकि उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार हो सके.
टोला सहायकों और स्वयंसेवकों की होगी अहम भूमिका
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयनित टोला सहायक और स्वयंसेवक विद्यार्थियों को पढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे. इनके माध्यम से बच्चों की बुनियादी शिक्षा और सीखने की क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा. समर कैंप की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए 29 मई 2026 को प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में बैठक आयोजित की जाएगी. इस बैठक में सभी मध्य विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को अनिवार्य रूप से शामिल होने का निर्देश दिया गया है.
विद्यार्थियों की सूची लाना होगा अनिवार्य
शिक्षा विभाग की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि चयनित टोला सहायकों और समर कैंप में शामिल किए जाने वाले विद्यार्थियों की सूची बैठक में उपलब्ध करानी होगी. इसके साथ ही प्रत्येक सीआरसी अंतर्गत आने वाले विद्यालयों को एफएलएन 2026-27 के तहत नामित विद्यार्थियों की सूची का समेकन कर बैठक में लाने का निर्देश दिया गया है.
बच्चों की पढ़ाई सुधारने पर रहेगा फोकस
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि समर कैंप का मुख्य उद्देश्य कमजोर विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार करना और उनकी बुनियादी शैक्षणिक क्षमता को मजबूत बनाना है. इसके जरिए बच्चों को नई शिक्षा सत्र से पहले बेहतर तैयारी का मौका मिलेगा.
Also Read: नवलपुर दरगाह में उमड़ा हजारों नमाजियों का सैलाब, सीवान में शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया बकरीद
