Siwan News (चंद्र प्रकाश दुबे) : गुठनी थाना क्षेत्र के जतौर बाजार के समीप शनिवार देर रात पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से 183 लीटर देशी शराब बरामद किया. इस दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया. थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ताली गांव के रास्ते शराब की बड़ी खेप तस्करी कर लाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में वाहन जांच अभियान तेज कर दिया. जांच के दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में वाहन में छिपाकर रखी गई 183 लीटर देशी शराब बरामद हुई.
शराब तस्करी के खिलाफ अभियान तेज
पुलिस के अनुसार जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब एक लाख रुपये है. मौके से गिरफ्तार चालक की पहचान जीरादेई थाना क्षेत्र के अकोली गांव निवासी धर्मेंद्र साहनी के रूप में की गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
Also Read : सीवान: ग्रामीणों और विद्यालय परिवार ने शिक्षक के कार्यों की प्रशंसा की
