Siwan Police Firing: बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई पुलिस फायरिंग में घायल तीन युवकों से पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने युवकों से घटना की जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. सांसद ने सरकार से तीनों घायलों को सरकारी नौकरी देने और प्रत्येक को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की.
घायलों से मुलाकात कर जाना पूरा घटनाक्रम
मुलाकात के दौरान घायलों ने सांसद पप्पू यादव को बिहार बंद के दौरान सीवान में हुई झड़प, लाठीचार्ज और फायरिंग से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी दी. युवकों ने इलाज के दौरान सामने आयी परेशानियों के बारे में भी सांसद को बताया.
घायलों में सीवान शहर के शेख मोहल्ला निवासी मोहम्मद आरिफ, दरौली प्रखंड के डुमरहर निवासी बुलेट कुमार गौड़ और रायबरेली निवासी आकाश कुमार शामिल हैं.
सांसद ने दी 50-50 हजार रुपये की सहायता
पप्पू यादव ने तीनों घायल युवकों को तत्काल 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी. उन्होंने कहा कि युवकों को इलाज, पढ़ाई और रोजगार से जुड़ी किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी.
सांसद ने युवकों को हरसंभव सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर आगे भी उनकी मदद की जाएगी.
सरकार से नौकरी और एक-एक करोड़ रुपये की मांग
सांसद पप्पू यादव ने सरकार से मांग की कि पुलिस फायरिंग में घायल तीनों युवकों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाये जाएं. उन्होंने प्रत्येक घायल को सरकारी नौकरी देने के साथ एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.
उन्होंने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि जांच में किसी की जिम्मेदारी सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.
बोले- घायलों को न्याय दिलाने के लिए लड़ेंगे
पप्पू यादव ने कहा कि घायलों को न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर मामले को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा.
सांसद ने यह भी कहा कि घायलों को किसी भी परिस्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनके इलाज तथा भविष्य से जुड़े मामलों में हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा.
जिला परिषद सदस्य ने भी उठायी मदद की मांग
जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव ने कहा कि सीवान में पुलिस फायरिंग से घायल युवकों को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि सांसद पप्पू यादव ने घायलों के इलाज, पढ़ाई और भविष्य को लेकर गंभीरता दिखाई है.
उन्होंने सरकार से भी घायलों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.
मुलाकात के दौरान ये लोग रहे मौजूद
नई दिल्ली स्थित आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस के वरीय नेता प्रेमचंद सिंह और जिला परिषद सदस्य अरविंद यादव भी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें:सारण में गंगा का रौद्र रूप: दिघवारा के अकिलपुर पंचायत के 8 गांव बाढ़ में डूबे, सड़क से घर तक पानी ही पानी
