Siwan Municipal Council Fine : सीवान नगर परिषद ने शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वाली तीन निजी सफाई एजेंसियों पर कड़ा रुख अपनाया है. नगर कार्यपालक पदाधिकारी नीलम कुमारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार एजेंसियों पर लाखों रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है. यह कार्रवाई सफाई व्यवस्था प्रभावित होने के बाद की गई है.
हड़ताल के बीच अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने का था निर्देश
नगर परिषद के अनुसार 30 जुलाई 2026 से संविदा एवं दैनिक सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है. इसके बावजूद सभी एजेंसियों को अतिरिक्त मानवबल लगाकर शहर की सफाई व्यवस्था सुचारु बनाए रखने का निर्देश दिया गया था. लेकिन कई एजेंसियों ने पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी उपलब्ध नहीं कराए और सफाई कार्य प्रभावित रहा.
तीन एजेंसियों पर लगा लाखों रुपये का जुर्माना
सीवान नगर परिषद के आदेश के अनुसार एम/एस किंग सिक्योरिटी गार्ड्स सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के 4,15,072 रुपये के भुगतान में से 3.50 लाख रुपये का अर्थदंड लगाया गया है. एम/एस टेक्नो फैसिलिटी एंड मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के 3,96,760 रुपये के भुगतान में से 3.50 लाख रुपये की कटौती होगी. वहीं एम/एस सर्जिकल सिक्योरिटी एंड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड के 2,62,472 रुपये के भुगतान में से 1.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. यह राशि संबंधित एजेंसियों के आगामी बिल से काटी जाएगी.
हड़ताल में शामिल कर्मियों की मांगी गई सूची
नगर परिषद ने तीनों एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे हड़ताल में शामिल सफाईकर्मियों की सूची उपलब्ध कराएं. प्रशासन का कहना है कि इस सूची के आधार पर भविष्य में ऐसे कर्मियों के नियोजन को लेकर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा.
भुगतान से पहले होगी जुर्माने की कटौती
नगर कार्यपालक पदाधिकारी नीलम कुमारी ने रोकड़पाल-सह-नाजिर को निर्देश दिया है कि संबंधित एजेंसियों के आगामी बिलों से जुर्माने की राशि काटने के बाद ही भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाए. इससे आदेश का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा.
जवाबदेही तय करने की दिशा में सख्त संदेश
नगर परिषद की इस कार्रवाई को सफाई व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी परिस्थिति में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो और एजेंसियां अपने दायित्वों का समय पर पालन करें.
Also Read : सीवान नगर निकायों में बढ़ी सुरक्षा, दो-दो सशस्त्र गृहरक्षक होंगे तैनात, डीएम का आदेश
सीवान नगर परिषद ने 81 सफाई कर्मियों की सेवा की समाप्त, हड़ताल के बीच बड़ा फैसला
