Siwan News: गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के दुधरा गांव में हुए मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पिछले दस दिनों से लगातार प्रयास कर रही थी.
पुलिस के अनुसार, दुधरा गांव निवासी सुकन प्रसाद के पुत्र मनीष कुमार प्रसाद ने करीब दस दिन पहले पड़ोसी के साथ हुए मामूली विवाद के दौरान तेजधार हथियार से हमला कर दिया था. हमले में पड़ोसी गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसके सिर में गंभीर चोट आई थी.
घटना के बाद गोरेयाकोठी थाना में कांड संख्या 189/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद थाना अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह के नेतृत्व में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी.
बुधवार को थाना अध्यक्ष मनीष कुमार सिंह एवं अपर थाना अध्यक्ष जितेंद्र कुमार की संयुक्त टीम ने दुधरा गांव में छापेमारी कर मुख्य आरोपी मनीष कुमार प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: बांकीपुर जीतने के बाद क्या करेंगे प्रशांत किशोर, जानिए जन सुराज का अगला प्लान
