Siwan 'Har Ghar Tiranga' 2026 Campaign : सीवान के जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने जिले के सभी सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के लिए 'हर घर तिरंगा-2026' अभियान को लेकर विस्तृत निर्देश जारी किए हैं. उन्होंने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को अभियान का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा है.
राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रप्रेम पर रहेगा विशेष जोर
अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है. विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा.
सीवान की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
'सेल्फी विद तिरंगा' अभियान से भी जुड़ेंगे विद्यार्थी
शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार सभी विद्यालय विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को 'हर घर तिरंगा' पोर्टल पर 'सेल्फी विद तिरंगा' अपलोड करने के लिए भी जागरूक करेंगे. अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार विद्यालय स्तर पर किया जाएगा.
स्कूलों में होंगी देशभक्ति से जुड़ी कई गतिविधियां
अभियान के दौरान विशेष प्रार्थना सभा, राष्ट्रध्वज फहराने का कार्यक्रम, 'वंदे मातरम्' का सामूहिक गायन, देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी और देशभक्ति गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा. विद्यार्थियों को 'वंदे मातरम्' सीखने और कंठस्थ करने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा.
सोशल मीडिया पर भी साझा करनी होगी गतिविधियां
विद्यालयों को उपलब्ध संसाधनों के अनुसार तिरंगा प्रदर्शनी, देशभक्ति संदेश और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं. अभियान के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों का प्रचार-प्रसार विद्यालयों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी किया जाएगा.
Also Read : सीवान के 4 एग्जाम सेंटर पर 7 अगस्त से शुरू होगी स्नातक प्रथम सेमेस्टर की प्रायोगिक परीक्षा, जानें गाइडलाइन
फोटो और प्रतिवेदन सुरक्षित रखने के निर्देश
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने निर्देश दिया है कि प्रत्येक विद्यालय आयोजित कार्यक्रमों के स्पष्ट और उच्च गुणवत्ता वाले फोटो तथा संक्षिप्त प्रतिवेदन सुरक्षित रखे. आवश्यकता पड़ने पर इन्हें जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना होगा. सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अभियान की नियमित निगरानी करेंगे और समय पर सभी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करेंगे.
लापरवाही पर नहीं होगी कोई ढील
निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि अभियान के संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी. सभी विद्यालयों को भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय और शिक्षा विभाग, बिहार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए गरिमापूर्ण ढंग से कार्यक्रम आयोजित करने होंगे.
Also Read : सीवान के इस थाने में कबाड़ बन रही सैकड़ों बाइक, शराब तस्करी में जब्त वाहनों का लगा अंबार
