Siwan EOU Raid : सीवान जिले में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार से जुड़े मामले में कार्रवाई की. सारण के तत्कालीन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) अजीत अमर के दरौंदा थाना क्षेत्र स्थित पैतृक आवास समेत पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई. कार्रवाई के दौरान दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े अभिलेखों की जांच की गई, जबकि पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही.
सीवान में पूर्व डीपीओ के पैतृक घर पर ईओयू की छापेमारी
जानकारी अनुसार आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की टीम शुक्रवार को सीवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के रैनी गांव स्थित पूर्व डीपीओ अजीत अमर के पैतृक आवास पर छापेमारी करने पहुंची. इसी अभियान के तहत सारण, सहरसा सहित कुल पांच ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई. छापेमारी की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे दिन हलचल का माहौल बना रहा.
संबंधित खबर : पूर्व डीपीओ के 4 ठिकानों पर ईओयू की रेड, आय से 72% अधिक संपत्ति का आरोप, छपरा-सीवान में भी चल रही छापेमारी
डीएसपी के नेतृत्व में चली जांच
जानकारी के अनुसार ईओयू के डीएसपी सी.पी. यादव के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई की. टीम में स्थानीय थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह और पुलिस बल भी शामिल रहा. अधिकारियों ने संपत्ति, बैंक रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की गहन जांच की.
सीवान की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच जारी
सूत्रों के अनुसार अजीत अमर पर सारण में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत रहने के दौरान कथित रूप से अवैध राशि वसूली के आरोप लगे थे. इन्हीं आरोपों की जांच के क्रम में आर्थिक अपराध इकाई ने यह कार्रवाई की है. हालांकि आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी.
दस्तावेजों की हो रही है गहन पड़ताल
छापेमारी के दौरान टीम चल-अचल संपत्ति, बैंक संबंधी कागजात और अन्य अभिलेखों की जांच में जुटी रही. फिलहाल ईओयू की ओर से किसी बरामदगी की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है.
सुरक्षा व्यवस्था रही कड़ी
कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस ने पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था संभाली. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई, ताकि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो.
जांच पूरी होने के बाद आएगी विस्तृत जानकारी
अधिकारियों का कहना है कि तलाशी और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी सार्वजनिक की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले पर लोगों की नजर बनी हुई है और जांच आगे बढ़ने के साथ नए तथ्य सामने आने की संभावना है.
Also Read : महेंद्रनाथ मंदिर श्रावणी मेला: सीवान में ट्रैफिक रूट बदला, इन रास्तों पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक
