Siwan News: भगवानपुर हाट प्रखंड के महम्मदपुर गांव स्थित साहनी मत्स्य केंद्र पर बुधवार को जिलाधिकारी विवेक कुमार मैत्रेय पहुंचे. उन्होंने मत्स्य तालाब, हैचरी, मत्स्य फीड मिल के साथ कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने चौर भूमि के विकास, मत्स्य उत्पादन बढ़ाने और मत्स्य क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया.
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में उपलब्ध चौर भूमि का समुचित विकास कर उसका बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. साथ ही सभी मत्स्य हैचरी और फीड मिल का नियमित संचालन कराने को कहा.
अधिक क्षमता वाली हैचरी और फीड मिल लगाने का निर्देश
जिलाधिकारी ने जिले में मत्स्य बीज और फीड की बढ़ती मांग का आकलन करते हुए अधिक क्षमता वाली नयी मत्स्य हैचरी और फीड मिल की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इससे जिले में मत्स्य उत्पादन बढ़ेगा और किसानों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी.
मत्स्य किसानों के प्रशिक्षण के लिए बनेगा सामुदायिक भवन
स्थानीय मत्स्य किसानों की मांग पर जिलाधिकारी ने भगवानपुर हाट के मत्स्य विकसित क्षेत्र में ऑन-साइट प्रशिक्षण के लिए सामुदायिक भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश महाराजगंज की अनुमंडल पदाधिकारी अनीता सिन्हा को दिया.
इस भवन में मत्स्य किसानों के साथ मत्स्यकी के छात्रों, अधिकारियों और इच्छुक लोगों को प्रशिक्षण दिया जा सकेगा. इससे मत्स्य पालन से जुड़े लोगों को आधुनिक तकनीक और बेहतर उत्पादन की जानकारी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
कृषि विज्ञान केंद्र का भी किया निरीक्षण
इसके बाद डीएम ने कृषि विज्ञान केंद्र, भगवानपुर हाट का निरीक्षण किया. उन्होंने भारत सरकार से स्वीकृत ‘सीवान चौर क्लस्टर विकास परियोजना’ के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
उन्होंने ‘मखाना सह मत्स्य पालन’ जैसी समेकित मत्स्य पालन प्रणाली को बढ़ावा देने की आवश्यकता बतायी. इस संबंध में कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के साथ चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये.
अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ काम करने का निर्देश
डीएम ने कहा कि चौर भूमि का बेहतर उपयोग, मत्स्य पालन का विस्तार और कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में प्रभावी काम किया जा सकता है. इसके लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करना होगा.
निरीक्षण के दौरान जिला मत्स्य पदाधिकारी चंदन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी महाराजगंज अनीता सिन्हा, अंचलाधिकारी भगवानपुर हाट धीरज कुमार पांडेय, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी, मत्स्य विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा) सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
