सीवान: जल निकासी बाधित होने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूबी, किसानों ने प्रशासन से लगाई गुहार

सीवान के डीबी गांव में जल निकासी बाधित होने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल डूब गई है. किसानों को फसल बर्बाद होने और भारी आर्थिक नुकसान का डर सता रहा है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल स्थायी समाधान की मांग की है.

सीवान: प्रखंड की पकड़ी पंचायत अंतर्गत डीबी गांव में पुलिया से जल निकासी बाधित होने के कारण सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल पानी में डूब गई है. लगातार जलजमाव से पकड़ी, डीबी, मेरही, मंद्रापाली, लहेजी, अरजल, हरपुर समेत आसपास के कई गांवों के किसान प्रभावित हैं.

फसल बर्बाद होने की आशंका

किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी नहीं कराई गई तो धान की पूरी फसल बर्बाद हो सकती है. इससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ेगा.

सहयोग शिविर में उठाया मामला

समस्या को लेकर ग्रामीणों ने पकड़ी पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) आनंद प्रकाश सिंह सहित अन्य अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया. सूचना मिलने पर बीडीओ स्वयं मौके पर पहुंचे और जलजमाव वाले क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया.

ग्रामीणों ने शुरू कराया जल निकासी का प्रयास

फसल को बचाने के लिए ग्रामीणों ने अपनी पहल पर जेसीबी मशीन से मिट्टी कटवाकर पानी निकालने का प्रयास शुरू किया. इसी दौरान विपक्षी पक्ष की सूचना पर डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और कार्य रुकवा दिया. इससे किसानों में नाराजगी फैल गई.

प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग

किसानों ने बीडीओ आनंद प्रकाश सिंह और अंचलाधिकारी पूनम दीक्षित से अविलंब जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि सैकड़ों एकड़ में लगी धान की फसल को बर्बाद होने से बचाया जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Umashankar ram

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >