मेजरगंज : थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांव में सोमवार की रात दो घरों तथा एक चाय नाश्ता की दुकान में अज्ञात चोरों ने लाखों की संपत्ति चोरी कर ली.
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के अखडीहा गांव में स्थानीय चौकीदार रमजान मियां अपने दरवाजे पर सोया था तथा उसके घर के अन्य सदस्य शादी समारोह में दूसरे गांव गये थे. घर में किसी को न देख चोरों ने घर का ताला तोड़कर 45 हजार नकद, कीमती वस्त्र, आभूषण समेत तीन लाख से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली.
चौकीदार पुत्र शमशेर आलम द्वारा दी गयी सूचना पर रात्रि गश्ती में निकले दारोगा अवध किशोर राम ने घटनास्थल पर पहुंच मुआयना किया. दूसरी चोरी उसी गांव के शिक्षक सिंहेश्वर महतो के घर हुई. वह पत्नी की हत्या मामले का मुख्य आरोपित है तथा 25 फरवरी से पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने घर से फरार है.
उसके बड़े भाई और भाभी एक अन्य कमरे में सोयी थी, जहां उसके किवाड़ को चोरों ने बाहर से बंद कर दूसरे घर का ताला तोड़कर कीमती वस्त्र, आभूषण की चोरी कर ली. सुबह नींद खुलने पर नागेश्वर महतो ने जब किवाड़ खोलकर बाहर निकलना चाहा, तो बाहर से किंवाड़ बंद पाया. आस-पड़ोस के लोगों को आवाज दी, तब किसी ने आकर किवाड़ खोला. तब उसे जानकारी मिली कि उसके भाई के कमरे से चोरी हो गयी है.
तीसरी चोरी मुख्यालय बाजार के थाना रोड (थाना से 10 कदम की दूरी पर) स्थित कोआड़ी मदन टोला निवासी खोभारी साह के चाय-नाश्ता दुकान में हुई, जहां चोरों ने फाटक तोड़ गैस सिलेंडर, आलमीरा का ताला तोड़ कुछ नकद रुपये तथा फ्रीज में रखे कोल्ड ड्रिंक की चोरी कर ली. मंगलवार की सुबह दुकानदार के सूचना पर स्थानीय थाना से पहुंचे दारोगा राजदेव राय ने घटनास्थल का मुआयना किया. एक रात में तीन-तीन स्थानों से चोरी की इस घटना ने पुलिस की नींद उड़ा दी है. इस संबंध में पीड़ितों द्वारा अज्ञात चोर के विरुद्ध थाना में आवेदन दिया गया है. समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी.
