Sasaram News : बिहार अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान, पटना के निर्देश पर बुधवार को जिला प्रशासन के डीआरडीए सभागार में जनजातीय कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर एक दिवसीय सेमिनार सह कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम दीपक मिश्रा, एडीएम रोहतास और आमंत्रित वक्ताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
अध्यक्षीय संबोधन में डीएम दीपक मिश्रा ने कहा कि जनजातीय समाज की ताकत उसकी समृद्ध विरासत है. शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से जनजातीय समाज को और सशक्त बनाया जा सकता है. उन्होंने कहा कि रोहतास जनजातीय दृष्टि से समृद्ध जिला है और यहां ऐसे कार्यक्रमों की काफी जरूरत है, ताकि जनजातीय समुदाय अपने अधिकारों, हितों और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक हो सके. उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला कल्याण विभाग के अधिकारियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी.
जनजातीय मुद्दों और योजनाओं की स्थिति पर हुआ मंथन
कार्यशाला का उद्देश्य जनजातीय बहुल क्षेत्रों में जनजातीय मुद्दों की पहचान करना, जनजातीय कल्याणकारी योजनाओं की वस्तुस्थिति जानना, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका से जुड़ी चुनौतियों का आकलन करना तथा जिला-विशिष्ट कार्ययोजना एवं नीतिगत हस्तक्षेपों के लिए सुझाव प्राप्त करना रहा. कार्यक्रम का नोडल विभाग अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग था.
Also Read : दरियापुर में गणेशोत्सव की धूम, 19 सितंबर को विशेष पूजा और भंडारे के साथ होगा समापन
जनजातीय इतिहास और संवैधानिक संरक्षण पर हुई चर्चा
आमंत्रित वक्ता एसपी जैन कॉलेज के वरीय सहायक प्राध्यापक डॉ. रामप्रकाश शर्मा ने जनजातीय इतिहास, संवैधानिक संरक्षण और नेतृत्व की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने रामायण में निषादराज गुह और शबरी जैसे पात्रों का उल्लेख करते हुए जनजातीय समाज की ऐतिहासिक भूमिका पर चर्चा की. महाभारत में कोल-किरातों के उल्लेख के साथ उन्होंने मध्यकाल में गोंडवाना की शासिका रानी दुर्गावती के शौर्य की भी चर्चा की.
उन्होंने कहा कि संविधान में जनजातीय हितों के संरक्षण के लिए विशेष प्रावधान किये गये हैं. सरकार धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष योजना और आदि कर्मयोगी योजना जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समाज के विकास और सशक्तीकरण की दिशा में काम कर रही है.
Also Read : डीएम ने अंबेडकर छात्रावास का किया निरीक्षण, सुविधाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
महिलाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण पर भी हुई चर्चा
एसपी जैन कॉलेज के मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. रंजीत पाण्डेय ने जनजातीय महिलाओं की शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और सरकार की ओर से किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी. नारायण मेडिकल कॉलेज, जमुहार के डॉ. महेंद्र प्रताप ने जनजातीय महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों और चिकित्सा योजनाओं की जानकारी दी.
वहीं, नारायण मेडिकल कॉलेज के जनरल मेडिसिन विभाग के चिकित्सक डॉ. नारायण जोशी ने महिलाओं के पोषण से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए सरकार की पहलों के बारे में बताया.
सुदूर क्षेत्रों से पहुंचीं जनजातीय समुदाय की महिलाएं
कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन डेहरी और तिलौथू प्रखंड के कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह ने किया. कार्यशाला में जिले के सुदूर क्षेत्रों से जनजातीय समुदाय की महिलाओं ने सहभागिता की. अंत में राजेश कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया.
Also Read : मढ़ौरा में आपसी विवाद में बुजुर्ग की पीटकर हत्या, पड़ोसी पर नामजद प्राथमिकी
