हाइमास्ट लाइट खराब होने से शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है करगहर बाजार

SASARAM NEWS.करगहर बाजार में सांसद निधि से लगायी गयी हाइमास्ट लाइट पिछले करीब छह माह से खराब पड़ी है. इसमें लगे सभी बल्ब फ्यूज हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर इसे ठीक कराने की कोई ठोस पहल नहीं की गयी है.

करगहर

. करगहर बाजार में सांसद निधि से लगायी गयी हाइमास्ट लाइट पिछले करीब छह माह से खराब पड़ी है. इसमें लगे सभी बल्ब फ्यूज हो चुके हैं, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्तर पर इसे ठीक कराने की कोई ठोस पहल नहीं की गयी है. इससे बाजार के व्यवसायियों में चोरी की घटनाओं को लेकर दहशत का माहौल बना हुआ है. इस संबंध में स्थानीय व्यवसायी और करगहर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी महेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि पूर्व के वर्षों में बाजार में चोरी की कई घटनाएं घटित हो चुकी हैं. इन्हीं घटनाओं को देखते हुए स्थानीय व्यवसायियों के आग्रह पर करीब दो वर्ष पूर्व तत्कालीन सांसद छेदी पासवान ने बाजार में हाइमास्ट लाइट लगवायी थी. लेकिन लाइट जलने के एक वर्ष के भीतर ही इसमें लगे सभी बल्ब फ्यूज हो गये. उन्होंने बताया कि बल्ब बदलवाने को लेकर वे कई बार बीडीओ और बीपीआरओ कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई. जाड़े के मौसम में कोहरे का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं बढ़ जाती हैं. हाइमास्ट लाइट के आसपास कई प्रतिष्ठित स्वर्ण व्यवसायियों की दुकानें स्थित हैं, जिससे अंधेरे के कारण व्यवसायियों में भय बना हुआ है. प्रशासनिक उदासीनता के चलते हाइमास्ट लाइट बाजार में केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गयी है.

हाइमास्ट लाइट को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग

स्थानीय व्यवसायी फेकू सेठ, कपिल सोनी, जगनारायण गुप्ता, फकरे आलम सहित अन्य व्यवसायियों ने प्रशासन से हाइमास्ट लाइट को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है.

क्या कहते हैं पदाधिकारी

इस संबंध में बीपीआरओ पकज कुमार ने बताया कि हाइमास्ट लाइट की मरम्मत के लिए पंचायत के पास कोई फंड उपलब्ध नहीं है. वहीं बीडीओ अजीत कुमार ने कहा कि हाइमास्ट लाइट सांसद निधि से लगायी गयी है. इसकी मरम्मत के लिए सांसद मद से अब तक राशि आवंटित नहीं की गयी है. राशि आवंटित होते ही मरम्मत कार्य कराया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >