आज से मैट्रिक परीक्षा शुरू, 47 हजार से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल
तैयारी.
जूता-मोजा पहनकर प्रवेश वर्जित, मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित17 से 25 फरवरी तक दो पालियों में होगी परीक्षा, 29 केंद्रों पर व्यापक प्रशासनिक तैयारी
बिना तलाशी नहीं मिलेगा प्रवेश, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित.
स्वास्थ्य, अग्निशमन व यातायात व्यवस्था पर प्रशासन अलर्ट
फोटो-7- एक केंद्र पर रोल सीट लगाते कर्मी व अन्य.
प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा सोमवार यानी 17 फरवरी से शुरू हो रही है. परीक्षा 25 फरवरी तक जिले के 29 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जायेगी. प्रथम पाली में 11,720 छात्र एवं 12,180 छात्राएं, कुल 23,900 परीक्षार्थी शामिल होंगे. वहीं, द्वितीय पाली में 11,287 छात्र और 12,012 छात्राएं, कुल 23,299 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे. इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 47,199 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे. प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 12:45 बजे तक व द्वितीय पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 5:15 बजे तक होगी. प्रथम पाली के परीक्षार्थियों को 9:00 बजे तक और द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों को 1:30 बजे तक ही परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति होगी. निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जायेगा.
प्रवेश के समय सख्त तलाशी
सभी परीक्षा केंद्रों पर अनिवार्य तलाशी की व्यवस्था की गयी है. केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी व पुलिस बल की निगरानी में जांच होगी. महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मी, महिला वीक्षक या महिला पदाधिकारी द्वारा अलग घेरे में की जायेगी. तलाशी के दौरान पुरुष वीक्षक परीक्षा कक्ष से बाहर रहेंगे. प्रवेश पत्र एवं फोटोयुक्त पहचान पत्र दिखाने के बाद ही प्रवेश मिलेगा. प्रवेश पत्र गुम होने की स्थिति में उपस्थिति पत्रक में उपलब्ध स्कैन फोटो से पहचान कर रौल शीट से सत्यापन के बाद औपबंधिक अनुमति दी जायेगी. मोबाइल, ब्लूटूथ, पेजर, मैग्नेटिक घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, स्मार्ट वॉच सहित किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा. आवश्यकता पड़ने पर परीक्षा के दौरान भी तलाशी ली जा सकती है. इस वर्ष भी जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश वर्जित रहेगा. परीक्षार्थियों को चप्पल पहनकर ही आना होगा.
स्वास्थ्य व यातायात व्यवस्था सुदृढ़
डीएम एवं एसपी ने संयुक्त दिशा-निर्देश जारी किये हैं. सिविल सर्जन को परीक्षा अवधि तक सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुले रखने और एंबुलेंस तैयार रखने का निर्देश दिया गया है. जिला अग्निशमन पदाधिकारी को सभी अनुमंडलों में अग्निशमन वाहन चालक सहित तैयार रखने को कहा गया है. सुबह 6:00 बजे से बस अड्डा, रेलवे स्टेशन और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारू रखने का निर्देश दिया गया है. बस, मिनी बस एवं ऑटो का परिचालन सामान्य बनाए रखने तथा जाम की स्थिति नहीं बनने देने पर जोर दिया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के संयुक्त आदेश के तहत सभी तैयारी पूरी कर ली गयी हैं. प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्तर पर कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.
ऐसे होगी परीक्षा
17 फरवरी को प्रथम पाली में मातृभाषा (हिंदी, बांग्ला, उर्दू, मैथिली) तथा द्वितीय पाली में भी मातृभाषा की परीक्षा होगी. 18 फरवरी को दोनों पालियों में गणित विषय की परीक्षा आयोजित होगी. 19 फरवरी को द्वितीय भारतीय भाषा की परीक्षा होगी. 20 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 21 फरवरी को विज्ञान तथा 23 फरवरी को अंग्रेजी (सामान्य) की परीक्षा होगी. 24 फरवरी को वैकल्पिक विषय और 25 फरवरी को व्यावसायिक विषय की परीक्षा आयोजित की जायेगी. 25 फरवरी को द्वितीय पाली में कोई परीक्षा निर्धारित नहीं है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.