बिहार में आधी रात टीचरों और छात्रों से भरी बस हादसे की हुई शिकार, 2 शिक्षकों की मौत, 11 बच्चे जख्मी

Bihar Road Accident: सासाराम में सोमवार को आधी रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस हादसे में 2 शिक्षकों की मौत हो गई. जबकि 11 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल कायम रहा.

Bihar Road Accident: बिहार के सासाराम में सोमवार की देर रात को भयंकर रोड एक्सीडेंट में 2 शिक्षकों की मौत हो गई. हादसा परसथूआ थाना इलाके के सोहसा गांव के पास NH 319 पर हुआ. जानकारी के अनुसार, मध्य विद्यालय बढ़ौना (अंचल चैनपुर, जिला कैमूर) की एजुकेशनल टूर बस, जो छात्रों और शिक्षकों को लेकर पटना जा रही थी, रात करीब 12:30 बजे अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

बस में कौन-कौन थे सवार?

इस हादसे में दो शिक्षकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए. साथ ही बस में सवार 11 बच्चे भी जख्मी हुए हैं. बस में टोटल 7 शिक्षक, 36 बच्चे और एक अभिभावक सवार थे. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

दोनों शिक्षकों की हुई पहचान

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है. मृतकों की पहचान भी हो गई है. इनमें पुनीत कुमार सिन्हा जो कि यूपी के मिर्जापुर जिला के बगहवा गांव के रहने वाले थे और संजय कुमार राय जो कि भभुआ के चैनपुर थाने के भैसहट गांव के रहने वाले थे.

पुलिस पूरे घटना की कर रही जांच

साथ ही घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है. पुलिस की तरफ से घटना की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा काफी भीषण था, जिससे बस को भी भारी क्षति पहुंची है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया.

(भभुआ से रंजीत पटेल की रिपोर्ट)

Also Read: बिहार के 8 डैम बनेंगे पर्यटन का नया हॉटस्पॉट, देखिए लिस्ट में कौन-कौन है शामिल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >