Sasaram News : इंद्रपुरी बराज पर सोमवार की शाम तीन बजे 1,48,990 क्यूसेक पानी उपलब्ध रहा. यहां से सभी लिंक नहरों में आवश्यकतानुसार पानी छोड़ा जा रहा है. सिंचाई सृजन जल संसाधन विभाग, डेहरी के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि सोन नदी में पानी कम हुआ है, लेकिन नहरों में प्रवहन जारी है. आवश्यकतानुसार जल उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है.
31 गेट खोलकर सोन नदी में छोड़ा जा रहा पानी
मुख्य अभियंता ने बताया कि बराज के अपस्ट्रीम में वाटर लेवल 355 फीट दर्ज किया गया है. बराज से पश्चिमी संयोजक नहर में 5,909 क्यूसेक, पश्चिमी समानांतर संयोजक नहर में 1,002 क्यूसेक और पूर्वी संयोजक नहर में 3,309 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है. बराज पर जलस्तर को मेंटेन रखते हुए 69 में से 31 गेट खोले गये हैं. इन गेटों से सोन नदी के निचले हिस्से में 1,38,777 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है.
रिहंद और वाणसागर जलाशय से भी छोड़ा गया पानी
रिहंद जलाशय से 17,685 क्यूसेक और वाणसागर जलाशय से 3,705 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. विभाग के अनुसार, बराज से नदी में वही पानी छोड़ा जा रहा है, जिसकी नहरों में आवश्यकता नहीं है.
गंगा में दबाव नहीं बढ़ने देने की कोशिश
मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने बताया कि कोशिश यही रहती है कि गंगा में पानी का दबाव नहीं बढ़े. बराज में रिजर्व वाटर को रखते हुए अतिरिक्त पानी को नदी में रिलीज किया जाता है. नहरों की आवश्यकता के अनुसार पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विभाग का ध्यान है.
Also Read : सासाराम डीएम बुधवार को करेंगे प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण
सोन नदी में पानी आने से बढ़ी उम्मीद
सोन नदी में पानी की स्थिति पहले खराब हो गयी थी, लेकिन इस वर्ष नदी में पर्याप्त पानी देखने को मिला है. मुख्य अभियंता ने बताया कि नदी में पानी आने से कई फायदे हैं. इससे ग्राउंड वाटर लेवल रिचार्ज होता है, पशुओं को पीने के लिए पानी मिलता है और जमीन की उर्वरता भी बढ़ती है.
Also Read : चैनपुर में पिता-पुत्र समेत तीन वारंटी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गये
पिछले दिनों तेजी से घटा है बराज पर जलस्राव
गौरतलब है कि रविवार की शाम सवा पांच बजे इंद्रपुरी बराज पर 1.88 लाख क्यूसेक पानी उपलब्ध था. इससे पहले शनिवार की शाम बराज पर सोन नदी में 2.57 लाख क्यूसेक पानी उपलब्ध हो रहा था. शनिवार को नदी में जलस्राव घटने पर बराज से सभी लिंक नहरों में पानी की आपूर्ति फिर शुरू कर दी गयी थी. इससे पहले शुक्रवार की शाम बराज पर 5.23 लाख क्यूसेक पानी उपलब्ध था. शुक्रवार को सोन नदी में जलस्राव बढ़ने के कारण बराज से सभी लिंक नहरों में जलापूर्ति बंद कर दी गयी थी.
Also Read : हाटा नगर में कुर्की वारंट के तामीला के दौरान फरार वारंटी गिरफ्तार
