Rohtas News : रोहतास जिले में डीएलएड (फेस-टू-फेस) प्रशिक्षण सत्र 2024-26 के द्वितीय वर्ष की परीक्षा शुक्रवार को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई. सासाराम के दो परीक्षा केंद्रों पर आयोजित दोनों पालियों की परीक्षा में कुल 1,326 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1,303 ने परीक्षा दी, जबकि 23 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. परीक्षा के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को निष्कासित नहीं किया गया.
पहली पाली में 650 और दूसरी पाली में 653 अभ्यर्थी हुए शामिल
प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक आयोजित हुई. इसमें 665 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 650 उपस्थित हुए, जबकि 15 अनुपस्थित रहे. वहीं दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक हुई, जिसमें 661 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 653 ने परीक्षा दी और 8 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
दो परीक्षा केंद्रों पर हुई परीक्षा
जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार परीक्षा का आयोजन रोहतास सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय, सासाराम तथा प्लस टू उच्च विद्यालय, चौखंडीपथ, सासाराम में किया गया. प्रथम पाली में रोहतास सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय में 375 में से 369 तथा प्लस टू उच्च विद्यालय में 290 में से 281 परीक्षार्थी उपस्थित हुए. दूसरी पाली में रोहतास सूरी इंटर स्तरीय विद्यालय में 372 में से 367 और प्लस टू उच्च विद्यालय में 289 में से 286 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए.
कदाचारमुक्त रही परीक्षा
जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि परीक्षा निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सफलतापूर्वक संपन्न हुई. दोनों पालियों में कहीं से भी गड़बड़ी या कदाचार की सूचना नहीं मिली. जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की निगरानी में परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से आयोजित की गई.
