Rohtas News : आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को संझौली पंचायत सरकार भवन में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं व जरूरतों से अधिकारियों को अवगत कराया. डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
डीएम ने लाभुकों के बीच बांटे प्रमाण पत्र और प्रोत्साहन राशि
शिविर के दौरान डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने पात्र लाभुकों के बीच विभिन्न प्रमाण-पत्र और प्रोत्साहन राशि का वितरण किया. अभियान बसेरा-02 के तहत 10 लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया. इसके अलावा कई मामलों का अधिकारियों ने मौके पर ही निष्पादन किया. इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने से राहत मिली.
शिविर से पहले पंचायतों में चला विशेष अभियान
प्रशासन की ओर से बताया गया कि सहयोग शिविर के आयोजन से पहले पंचायत स्तर पर विशेष अभियान चलाकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त किये गये थे. शिक्षा, जन्म प्रमाण-पत्र, नल-जल योजना, राशन कार्ड, श्रम कार्ड, भूमि परिमार्जन और भूमि मापी समेत विभिन्न मामलों से संबंधित आवेदन लिये गये. संबंधित विभागों ने इन आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित किया.
13,278 आवेदन मिले, 12,282 का हो चुका निष्पादन
डीएम ने बताया कि जिले में आयोजित सहयोग शिविरों और ऑनलाइन माध्यम से अब तक कुल 13,278 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 12,282 आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है, जबकि शेष 996 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का भी निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए.
'समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्राथमिकता'
डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है. पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाये जा रहे हैं. उन्होंने ग्रामीणों से अपनी समस्याएं और शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराने की अपील की, ताकि प्रशासन को समय पर जानकारी मिल सके और नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.
शिविर में वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
