सारण: छात्राओं से छेड़खानी मामले में नया मोड़, ग्रामीणों ने शिक्षक को साजिश के तहत फंसाने का लगाया आरोप

मांझी के स्कूल में छात्राओं से छेड़खानी के आरोपी शिक्षक के समर्थन में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का दावा है कि शिक्षक को साजिश के तहत फंसाया गया है।

Saran News : मांझी प्रखंड के महम्मदपुर कन्या मध्य विद्यालय में नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया. आरोपी शिक्षक मनोज कुमार के परिजनों के साथ गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष स्कूल पहुंच गये और शिक्षक को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाते हुए जमकर प्रदर्शन किया. ग्रामीणों के प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए स्कूल में पठन-पाठन भी बाधित रहा.

शिक्षक को साजिश के तहत फंसाने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप

स्कूल पहुंचे ग्रामीणों का कहना था कि शिक्षक मनोज कुमार बेकसूर हैं और व्यक्तिगत रंजिश के कारण उन्हें इस मामले में फंसाया जा रहा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल को बंद करा दिया और परिसर में प्रदर्शन करते हुए शिक्षक के पक्ष में अपनी बात रखी. ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

छात्रा के परिजनों ने भी जबरन नाम घसीटने का लगाया आरोप

प्रदर्शन के दौरान मामले में एक और बात सामने आयी. एक छात्रा के परिजनों ने भी कहा कि उनकी बच्ची का नाम साजिश के तहत इस मामले में घसीटा गया है. परिजनों का आरोप था कि उनकी बच्ची को जबरन इस मामले से जोड़ने की कोशिश की गयी है.

मुखिया प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को समझाने का किया प्रयास

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र उपाध्याय और पूर्व मुखिया प्रतिनिधि हसनैन अंसारी स्कूल पहुंचे. दोनों ने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों को समझाने और शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे. स्थिति बिगड़ती देख इसकी सूचना पुलिस को दी गयी.

पुलिस ने दोनों पक्षों से अलग-अलग की बातचीत

हंगामे की सूचना मिलने पर मांझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार और एकमा सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से अलग-अलग बातचीत कर उनकी बात सुनी. इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों को समझाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया.

निष्पक्ष जांच का पुलिस ने दिया भरोसा

सर्किल इंस्पेक्टर किरण शंकर ने ग्रामीणों से कहा कि यदि उन्हें लगता है कि शिक्षक को साजिश के तहत फंसाया गया है, तो वे वरीय अधिकारियों के समक्ष आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग कर सकते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले की हर बिंदु पर निष्पक्ष जांच की जायेगी.

आश्वासन के बाद शांत हुए ग्रामीण, शुरू हुआ पठन-पाठन

पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए. इसके बाद स्कूल में दोबारा पठन-पाठन शुरू हो सका. पुलिस ने दोनों पक्षों की बात वरीय अधिकारियों को भी अवगत कराया है.

आरोपी शिक्षक को बुधवार को भेजा गया जेल

बता दें कि छात्राओं से छेड़खानी के इस मामले में आरोपी शिक्षक मनोज कुमार को बुधवार को ही जेल भेज दिया गया. अब ग्रामीणों की ओर से शिक्षक को साजिश के तहत फंसाये जाने के आरोप के बाद मामले की जांच को लेकर नया विवाद सामने आया है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंद्रशेखर कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >