Saran News: हीट वेव की चपेट में सारण, 50 डिग्री जैसा एहसास; बाजारों में सन्नाटा, यात्राएं रद्द

Saran News: सारण जिले में भीषण हीट वेव से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच रहने के बावजूद लोगों को 50 डिग्री जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है. बाजारों में सन्नाटा पसरा है, लंबी दूरी की यात्राएं रद्द हो रही हैं और अस्पतालों में हीट स्ट्रोक व लू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

Saran News (विकास कुमार की रिपोर्ट): सारण जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. सुबह आठ बजे से ही तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं. जिले का तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच दर्ज हो रहा है, लेकिन लोगों को 48 से 50 डिग्री जैसी गर्मी महसूस हो रही है. लगातार बढ़ती गर्मी के कारण अस्पतालों में मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है.

हीट वेव से बढ़े मरीज, अस्पतालों में भीड़

भीषण गर्मी के कारण लोग लू और हीट स्ट्रोक की चपेट में आ रहे हैं. सदर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों और क्लिनिकों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. पिछले एक सप्ताह में सदर अस्पताल में हीट वेव से प्रभावित 20 से अधिक मरीज भर्ती किए गए हैं. कई मरीज गंभीर स्थिति में अस्पताल पहुंचे.

लंबी दूरी की यात्राएं हो रहीं रद्द

गर्मी का असर परिवहन व्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है. छपरा बस स्टैंड से रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर, बोकारो और नई दिल्ली के लिए चलने वाली बसों में यात्रियों की संख्या करीब 30 प्रतिशत तक घट गई है. लोग कड़ी धूप और गर्मी के कारण लंबी दूरी की यात्रा से बच रहे हैं. दैनिक सेवा वाली बसों में भी यात्रियों की संख्या कम हो गई है.

बाजारों में सन्नाटा, एसी-कूलर की मांग बढ़ी

भीषण गर्मी के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में शाम चार बजे तक सन्नाटा पसरा रह रहा है. हालांकि इलेक्ट्रॉनिक बाजार में एसी, कूलर और फ्रिज की मांग तेजी से बढ़ी है. आसान किस्तों पर एसी मिलने के कारण लोग तेजी से खरीदारी कर रहे हैं. बीते तीन दिनों में शहर में एक करोड़ रुपये से अधिक के एसी बिक चुके हैं. स्थिति यह है कि एसी इंस्टॉल करने के लिए मैकेनिक भी समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं.

लोगों की दिनचर्या में बड़ा बदलाव

गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अपने लाइफस्टाइल में बदलाव कर रहे हैं. लोग दिन में कई बार स्नान कर रहे हैं, ठंडे पेय पदार्थ और जूस का सेवन बढ़ गया है, जबकि मांस-मछली की मांग घट गई है. कई लोग शाम के समय एसी मॉल और रेस्टोरेंट का रुख कर रहे हैं. वहीं घरों में फूस डालकर और कूलर-एसी लगाकर गर्मी से बचने की कोशिश की जा रही है.

Also Read: छपरा में आज सजेगी हंसी और सुरों की महफिल, अपराजिता महिला सम्मान समारोह में जुटेंगे शहरवासी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >