सारण: शिक्षक स्थानांतरण नियमावली की विसंगतियां दूर करने की मांग, शिक्षा मंत्री से मिले डॉ. राहुल राज

बिहार स्थानांतरण नियमावली-2026 की SOP में विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर डॉ. राहुल राज ने शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात की.

Saran News: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के शिक्षाविद् एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. राहुल राज ने शुक्रवार को बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मुलाकात कर बिहार स्थानांतरण नियमावली-2026 की एसओपी (SOP) में व्यावहारिक विसंगतियों को दूर करने तथा शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की.

डॉ. राहुल राज ने शिक्षा मंत्री के समक्ष स्थानांतरण नीति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं को रखते हुए कहा कि शिक्षकों के लिए स्थानांतरण नीति का लागू होना स्वागतयोग्य कदम है, लेकिन इसके क्रियान्वयन में सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं का समाधान जरूरी है.

पोर्टल पर गलत जानकारी से शिक्षकों की बढ़ी परेशानी

उन्होंने कहा कि कई विद्यालयों में पोर्टल पर शिक्षकों और विद्यालयों से संबंधित गलत जानकारी प्रदर्शित हो रही है. इसके कारण शिक्षकों को स्थानांतरण प्रक्रिया में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों को दुरुस्त कराने की मांग की.

अधिशेष घोषित करने के नियम की समीक्षा की मांग

डॉ. राहुल राज ने सेवा अवधि के आधार पर शिक्षकों को अधिशेष घोषित करने के प्रावधान पर भी पुनर्विचार की मांग की. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को अधिशेष घोषित करने की प्रक्रिया व्यावहारिक और पारदर्शी होनी चाहिए, ताकि किसी शिक्षक के साथ अन्याय न हो.

उन्होंने भाषा, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों में शिक्षक मानकों में असंगति का मुद्दा भी उठाया और विषयवार शिक्षक मानकों की पुनर्समीक्षा करने की मांग की.

पुस्तकालयाध्यक्षों के स्थानांतरण का भी उठाया मुद्दा

मुलाकात के दौरान पुस्तकालयाध्यक्षों को स्थानांतरण प्रक्रिया से वंचित रखने का मामला भी उठाया गया. डॉ. राहुल राज ने कहा कि स्थानांतरण व्यवस्था में सभी पात्र शिक्षकों एवं कर्मियों के हितों का ध्यान रखा जाना चाहिए.

उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के आधार स्तंभ हैं. उनके सम्मान, सेवा सुरक्षा और न्यायपूर्ण स्थानांतरण की व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए.

शिक्षा मंत्री ने दिया समाधान का आश्वासन

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने डॉ. राहुल राज द्वारा उठाये गये सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना. उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग शिक्षकों के हितों से जुड़े मामलों को लेकर संवेदनशील है और व्यावहारिक समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायसंगत समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा.

वहीं, डॉ. राहुल राज ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान, अधिकार और न्याय के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा.

Also Read: पीके के सामने थाने में क्यों भिड़ गए जन सुराज के दो सीनियर नेता? पूर्व डीजी आरके मिश्रा ने किशोर मुन्ना को लगाई फटकार, VIDEO वायरल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अयूब राजा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >