नीट पेपर लीक विरोध प्रदर्शन के दौरान छपरा में हिंसा, पुलिस वाहन में आगजनी, कई पुलिसकर्मी घायल

Saran News : छपरा में नीट पेपर लीक के विरोध में छात्र संगठनों का प्रदर्शन अचानक हिंसा में बदल गया. प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन में आग लगा दी, जिससे कई पुलिसकर्मी और अधिकारी घायल हो गए. प्रशासन ने उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई की बात कही है.

Saran News : नीट पेपर लीक के विरोध में विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले शनिवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान छपरा शहर में अचानक हिंसा भड़क गई. दोपहर तक शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा प्रदर्शन देखते ही देखते उग्र हो गया. इस दौरान पथराव, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं. नगर पालिका चौक पर प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने पुलिस वाहन में आग लगा दी. हिंसा में कई पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी घायल हुए. जिला प्रशासन ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है.

दोपहर तक शांतिपूर्ण रहा प्रदर्शन, फिर बिगड़ा माहौल

प्रदर्शनकारी भगवान बाजार, दारोगा राय चौक, थाना चौक, साहेबगंज चौक और नगर पालिका चौक सहित विभिन्न स्थानों पर नारेबाजी कर रहे थे. दोपहर करीब एक बजे तक प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा. इसी दौरान भीड़ का एक हिस्सा अचानक उग्र हो गया और शहर में हंगामा शुरू हो गया.

डीएम और एसएसपी ने संभाली कमान

स्थिति बिगड़ते देख जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार स्वयं सड़कों पर उतरे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली. दोनों अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने की अपील की. इसी बीच पंकज सिनेमा रोड पर पथराव की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस पर भी पत्थरबाजी की गई. इस घटना में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए.

नगर पालिका चौक पर पुलिस वाहन में लगाई आग

पथराव की घटनाओं के बीच प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने नगर पालिका चौक पर खड़ी पुलिस वैन को घेर लिया. आरोप है कि वाहन में तोड़फोड़ करने के बाद उसे आग के हवाले कर दिया गया. आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम को भी आगे बढ़ने में कठिनाई हुई, जिससे वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया.

अतिरिक्त पुलिस बल और आईटीबीपी की मदद से हालात हुए नियंत्रित

करीब दो घंटे तक शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही. हालात पर काबू पाने के लिए भगवान बाजार, नगर थाना, मुफस्सिल थाना समेत जिले के विभिन्न थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया. बाद में आईटीबीपी के जवानों की भी तैनाती की गई, जिसके बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया.

प्रशासन ने उपद्रवियों की पहचान शुरू की

डीएम वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी विनीत कुमार ने बताया कि हिंसा और पथराव में घायल प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों का सदर अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उपद्रव में शामिल शरारती तत्वों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

छात्र संगठनों ने हिंसा से किया किनारा

प्रदर्शन में शामिल विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था. उनका आरोप है कि अचानक भीड़ में शामिल कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ दिया. प्रतिनिधियों ने प्रशासन से सभी घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. साथ ही उन्होंने हिंसक घटनाओं की निंदा की.

सरकारी और जनप्रतिनिधियों के वाहनों को भी बनाया निशाना

हिंसा के दौरान कचहरी स्टेशन रोड पर एक जनप्रतिनिधि के वाहन में तोड़फोड़ की गई. वाहन पर ईंट-पत्थरों और डंडों से हमला किया गया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया. प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर प्रशासनिक और पुलिस वाहनों को भी निशाना बनाने का प्रयास किया गया. साहेबगंज रोड पर पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया.

उपद्रव के बाद शहर में पसरा सन्नाटा

हिंसा शुरू होते ही शहर में अफरातफरी मच गई. कई दुकानदारों ने तत्काल अपनी दुकानें बंद कर दीं. कुछ स्थानों पर दुकानों के शटर पर भी पथराव किया गया. दोपहर बाद शहर की अधिकांश सड़कें सुनसान हो गईं और कई इलाकों में कर्फ्यू जैसे हालात दिखाई दिए. पुलिस लगातार गश्त करती रही.

डीएम कार्यालय की सुरक्षा भी बढ़ाई गई

उपद्रव के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने समाहरणालय परिसर के मुख्य गेट को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की. हालांकि वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया. इसके बाद विभिन्न सरकारी कार्यालयों, बैंक, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई. जिला कंट्रोल रूम से पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जाती रही.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat kiran himanshu

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >