Saran News: मशरक नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत रेलवे शिव मंदिर परिसर से गुरुवार को भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई. पहली बार आयोजित इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला. रथ यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भक्त शामिल हुए और पूरे मार्ग में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे.
पूजा-अर्चना के बाद रवाना हुआ भगवान का रथ
रथ यात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई. इसके बाद नारियल फोड़कर और हरे राम-हरे कृष्ण के मंत्रोच्चार के साथ रथ को रवाना किया गया.
रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह दिखा. बड़ी संख्या में लोग रस्सी पकड़कर भगवान जगन्नाथ का रथ खींचने के लिए आगे बढ़ते नजर आए.
इन मार्गों से गुजरी रथ यात्रा
रेलवे शिव मंदिर परिसर से निकली जगन्नाथ रथ यात्रा मशरक स्टेशन फीडर रोड, सिनेमा रोड, सतिवार तीर, मशरक तख्त गांव, थाना चौक, महावीर चौक, महाराणा प्रताप चौक और गोला रोड होते हुए पुनः पूजा स्थल पहुंची.
रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए अल्पाहार, ठंडे पेयजल और शरबत की व्यवस्था की गई थी. पहले से निर्धारित स्थानों पर रथ को रोककर श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना और आरती की.
छप्पन भोग का लगाया गया प्रसाद
रथ यात्रा से पहले भगवान जगन्नाथ को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस धार्मिक आयोजन को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी उत्साह का माहौल रहा.
इस्कॉन परिवार के सौजन्य से हुआ आयोजन
मशरक में पहली बार इस्कॉन परिवार के सौजन्य से जगन्नाथ रथ यात्रा का आयोजन किया गया. संत धीरज दशरथ दास के नेतृत्व में निकाली गई इस यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया.
पुलिस रही मुस्तैद
रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही. प्रशासन की ओर से जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके.
ये लोग रहे मौजूद
रथ यात्रा में प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष भाजपा नेता दुर्गेश कुमार गुप्ता, पूर्व मुखिया छोटा संजय, रंजन कुमार सोनी, गोविंद रस्तोगी, श्याम रस्तोगी, रविंद्र कुमार, भरत ठाकुर सहित दर्जनों लोग सक्रिय रूप से शामिल रहे.
