सारण से अंकित कुमार की रिपोर्ट
Dariyapur Culvert Construction: सारण जिले के दरियापुर प्रखंड स्थित ठीका-परसा मार्ग पर बनी एक पुलिया को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि पुलिया गलत दिशा में बनने से सड़क पर खतरनाक मोड़ बन गया है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है. बड़े वाहनों के आवागमन में भी परेशानी हो रही है.
ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण पर क्यों उठाए सवाल?
सारण के दरियापुर प्रखंड के ठीका-परसा मार्ग पर ठीका चंवर के पास नहर पर बनाई गई पुलिया को लेकर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई है. ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया का निर्माण सही स्थान पर नहीं किया गया, जिससे सड़क पर खतरनाक मोड़ बन गया है.
Saran News: क्या है ग्रामीणों की आपत्ति?
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया का निर्माण उत्तर से दक्षिण दिशा की ओर होना चाहिए था, लेकिन इसे पूरब से पश्चिम दिशा की ओर बना दिया गया. इसके कारण सड़क का स्वरूप बदल गया और पुलिया के पास तीखा मोड़ बन गया है.
Saran Road Accident: कैसे बढ़ रही है दुर्घटना की आशंका?
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के पास बने मोड़ पर वाहन चालकों के अनियंत्रित होने की स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता है. उनका दावा है कि यहां छोटे-छोटे हादसे अक्सर होते रहते हैं. ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों में हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है.
सारण की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
बड़े वाहनों को क्यों हो रही परेशानी?
स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिया के गलत तरीके से निर्माण होने के कारण बड़े वाहनों का इस मार्ग से आवागमन लगभग ठप हो गया है. इससे आसपास के गांवों के लोगों को भी आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है.
किन गांवों के लोग होते हैं प्रभावित?
इस सड़क से ठीका, ककरहट, भूसी टोला, मानपुर, बेला और महम्मदपुर सहित दर्जनों गांवों के लोग परसा बाजार आने-जाने के लिए गुजरते हैं. ऐसे में पुलिया की स्थिति का असर बड़ी संख्या में ग्रामीणों पर पड़ रहा है.
ग्रामीणों की क्या मांग है?
ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया का निर्माण सही दिशा में कराने की मांग की है. उनका कहना है कि इससे सड़क सुरक्षित होगी और बड़े वाहनों का आवागमन भी सुचारु रूप से हो सकेगा. स्थानीय लोगों की मांग के बाद अब प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर क्षेत्र के लोगों की नजर बनी हुई है.
Also Read: बिहार: शिक्षा विभाग बना रहा पीएचडी, NET और JRF शिक्षकों की सूची, जल्द मिल सकती है नई जिम्मेदारी
